)
हरियाणा के स्कूली बच्चों के लिए जरूरी खबर है. हरियाणा में अगले साल होने वाली जनगणना को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. हरियाणा के स्कूलों में फरवरी में मुख्य विषयों की वार्षिक परीक्षाएं नहीं कराई जाएंगी. स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 01 मार्च 2027 से पहले किसी भी प्रमुख परीक्षा का आयोजन न किया जाए.
दरअसल, हरियाणा में जनगणना के पहले चरण का काम पूरा हो गया है. वहीं, दूसरे चरण का काम 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगा. इसका सीधा असर आगामी वार्षिक और प्री बोर्ड परीक्षाओं पर पड़ेगा. स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव की ओर से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को भेजे गए आदेश में कहा गया है कि आगामी जनगणना 2027 के कार्य को देखते हुए राज्य में 01 मार्च 2027 से पहले किसी भी प्रमुख परीक्षा का आयोजन न किया जाए.
आदेश में कहा गया है कि जनगणना के कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने की संभावना है. ज्यादातर प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी. ऐसे में जनगणना की ड्यूटी में व्यस्त होने के चलते शिक्षकों पर लोड न बढ़े, इसका ध्यान रखा जाएगा. शिक्षा विभाग ने राज्य में मुख्य विषयों की परीक्षाओं का कार्यक्रम 01 मार्च से पहले नहीं कराने के निर्देश दिए हैं.
इसके बाद 01 से 05 मार्च तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा. इसमें जनगणना में छूट गए लोगों की पहचान की जाएगी. साथ ही अगर किसी कारणवश कोई गड़बड़ी हो गई है तो उसे सुधार किया जाएगा. मुख्य जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले हरियाणा के लोगों को स्व गणना का भी मौका मिलेगा. लोग 10 से 24 जनवरी तक स्व गणना कर सकेंगे. लोग ऑनलाइन स्व गणना कर सकेंगे. इसके बाद शुरू होने वाला मुख्य जनसंख्या गणना अभियान राज्यभर के सभी परिवारों को कवर करेगा.