App

आखिर कैसे जानें कि पार्किंग का पैसा लेने वाला असली पर्ची काट रहा या नकली? लाल किला फर्जी पार्किंग केस से सीखिए

दिल्ली पुलिस ने एमसीडी के नाम पर फर्जी पर्चिंयां काटकर अवैध वसूली करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है. वह वाहनों को पार्क कराकर पैसे वसूल रहा था.

आखिर कैसे जानें कि पार्किंग का पैसा लेने वाला असली पर्ची काट रहा या नकली? लाल किला फर्जी पार्किंग केस से सीखिए
Image Credit: Z Creative (AI Image)

देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास बिना अनुमति पार्किंग चलाकर अवैध उगाही करने का मामला सामने आया है. आरोपी दिल्ली नगर निगम (MCD) के नाम से पार्किंग की पर्चियां काट रहे थे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. ऐसे में अब सवाल उठता है कि आखिर आप पार्किंग के लिए जो पर्ची कटवा रहे हैं वह असली है या नकली?. आइए जानते हैं कैसे असली और नकली पर्ची की पहचान कर सकते हैं?.

सुभाष मार्ग पर मेट्रो गेट नंबर 2 पर बना रखा था अवैध पार्किंग

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 19 नवंबर को लाल किला पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि अपर सुभाष मार्ग पर मेट्रो गेट नंबर-2 के पास एक व्यक्ति MCD के नाम से पार्किंग पर्चियां काट रहा है. लोगों से पार्किंग के नाम पर पैसे वसूल रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने 40 वर्षीय मो. नौशाद को गिरफ्तार कर लिया. नौशाद दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके का रहने वाला है.

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि नौशाद वाहन चालकों को अपनी गाड़ियां पार्क करने के लिए बुला रहा था. पुलिस टीम को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया, जब उससे पार्किंग चलाने का लाइसेंस और अनुमति मांगी गई तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका.

1,300 रुपये नकद और पार्किंग पर्चियां बरामद

दिल्ली पुलिस ने आरोपी के पास से 1,300 रुपये नकद और पार्किंग पर्चियों की एक बुकलेट बरामद की. इस बुकलेट में कुल 100 पर्चियां थीं. इन पर 'MCD AUTH. SCT./BIKE PARKING' लिखा हुआ था. जांच में पता चला कि इनमें से 18 पर्चियां इस्तेमाल हो चुकी थीं, जबकि 82 पर्चियां बची हुई थीं.

बकाया पैसा जमा नहीं करने पर रद्द हो चुका था लाइसेंस

दिल्ली पुलिस ने जब आरोपी नौशाद से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि MCD ने 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए पार्किंग चलाने का लाइसेंस दिया था, लेकिन बकाया रकम जमा नहीं करने के कारण नगर निगम ने अगस्त 2026 में उसका लाइसेंस रद्द कर दिया था. इसके बावजूद वह पार्किंग चला रहा था और लोगों से पैसे वसूल रहा था. दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है.

कैसे पहचान करें असली और नकली पार्किंग?

जिस शहर में आप रहते हैं गूगल मैप पर जाकर आप अपनी लोकेशन चेक कर सकते हैं कि आसपास कोई पार्किंग है या नहीं? जहां आप से पार्किंग की पर्ची कटवाने के लिए कहा जा रहा हो, अगर वह जगह एक वैलिड पार्किंग होगी तो गूगल मैप पर भी इसकी जानकारी उपलब्ध होगी. ऐसे में आप गूगल मैप के जरिए आसानी से किसी पार्किंग की जानकारी चेक कर सकते हैं. इसके अलावा कई ऐप्स हैं, जो पार्किंग की वैलिड जगहों के बारे में जानकारी देते हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More