App

10 लाख सब्सक्राइबर्स वाली किसान बेटी की चुनाव में एंट्री: अनिता सिंह ने BJP के दिग्गज को हराया

झुंझुनूं की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने वाली अनिता सिंह ने जिला परिषद चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है. कांग्रेस के टिकट पर वार्ड नंबर 32 से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने भाजपा के अनुभवी नेता गिरवर सिंह को 305 वोटों से हराया.

10 लाख सब्सक्राइबर्स वाली किसान बेटी की चुनाव में एंट्री: अनिता सिंह ने BJP के दिग्गज को हराया
Image Credit: अनिता सिंह ने BJP के दिग्गज को हराया

सोशल मीडिया पर लाखों-करोड़ों फॉलोअर्स होना और चुनावी मैदान में वोट हासिल करना, दोनों बिल्कुल अलग बातें हैं. सोशल मीडिया की लोकप्रियता को अक्सर चुनावी जीत की गारंटी मान लिया जाता है लेकिन कई चुनावों में इसके उलट तस्वीर सामने आई है. जोधपुर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओमप्रकाश विश्नोई को सरपंच चुनाव में महज 33 वोट मिले, पवन साहू की पत्नी कोमल साहू को 277 वोटों से संतोष करना पड़ा. वहीं, अभिनेता एजाज खान को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सिर्फ 131 वोट मिले लेकिन झुंझुनूं में इस बार एक ऐसा उदाहरण सामने आया है.

जिसने सोशल मीडिया की लोकप्रियता को जमीनी जनसमर्थन में बदलकर दिखाया है. यहां ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए देशभर में पहचान बना चुकीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर जिला परिषद चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया. बुहाना क्षेत्र के काकड़ा गांव की रहने वाली अनिता सिंह ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 32 से भाजपा के दिग्गज क्षेत्रीय नेता और पंचायत समिति सदस्य रह चुके गिरवर सिंह को 305 वोटों से शिकस्त दी. अनिता सिंह 'Indian Organic Journey' नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म संचालित करती हैं.

सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स, 10 राज्यों में जैविक खेती का प्रचार 
उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 1.06 मिलियन सब्सक्राइबर्स, फेसबुक पर 4.33 लाख और इंस्टाग्राम पर 47.5 हजार फॉलोअर्स हैं. वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को जैविक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों और खेती से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देती हैं. उनकी पहचान केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है. वह राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात सहित करीब 10 राज्यों में जाकर किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक कर रही हैं.

जयपुर से गांव लौटीं अनिता, किसानों के लिए शुरू किया नया सफर
अनिता सिंह काकड़ा गांव की बहू हैं. उनके पति दीपेंद्र सिंह पहले जयपुर हाईकोर्ट में वकालत करते थे लेकिन गांव आने के बाद व्यापार करने लगे. दरअसल शादी के बाद दोनों जयपुर में रहते थे, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान गांव लौट आए. अनिता ने कृषि विषय में बीएससी की पढ़ाई की और एक फर्टिलाइजर कंपनी में भी काम किया था.

'Indian Organic Journey' से बदली पहचान 
गांव लौटने के बाद उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव का इस्तेमाल किसानों के हित में करने का निर्णय लिया. इसी सोच के साथ उन्होंने 'Indian Organic Journey' की शुरुआत की. शुरुआत में सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों को जागरूक करने का प्रयास किया, लेकिन धीरे-धीरे उनका काम एक बड़े अभियान में बदल गया. अनिता केवल ऑनलाइन जानकारी साझा करने तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि खेतों में पहुंचकर किसानों को प्रैक्टिकल तरीके से जैविक खेती के गुर समझाने लगीं.

परिवार में नहीं था राजनीतिक बैकग्राउंड 
यही वजह रही कि उनकी पहचान किसानों के बीच एक कृषि विशेषज्ञ और जैविक खेती की प्रोत्साहक के रूप में बनी. अनिता सिंह के परिवार का राजनीतिक इतिहास नहीं रहा है. परिवार से पहले कभी किसी ने चुनाव नहीं लड़ा. इस बार कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताते हुए जिला परिषद के वार्ड नंबर 32 से प्रत्याशी बनाया. खास बात यह रही कि यह सामान्य श्रेणी का वार्ड था और उनके सामने भाजपा के अनुभवी क्षेत्रीय नेता गिरवर सिंह मैदान में थे, जो दो बार पंचायत समिति सदस्य रह चुके थे.

BJP के दिग्गज को 305 वोटों से हराया 
निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश कुमार ने भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया. इसके बावजूद अनिता सिंह ने अपने पहले ही चुनाव में जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरणों को चौंका दिया. उन्हें कुल 7,969 वोट मिले, जबकि भाजपा के गिरवर सिंह को 7,664 वोट हासिल हुए. इस तरह अनिता सिंह ने 305 मतों से जीत दर्ज की. निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश कुमार को 1,313 वोट मिले.

जीत का श्रेय जनता को दिया, बोलीं- यह पूरे वार्ड की जीत है
जीत के बाद अनिता सिंह ने कहा कि वार्ड नंबर 32 से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर मिली यह जीत उनकी अकेले की जीत नहीं, बल्कि वार्ड के प्रत्येक सदस्य और उस परिवार की जीत है, जिसने उन पर विश्वास जताया. टिकट मिलने के बाद से ही उनकी उम्मीदवारी चर्चा का विषय बनी हुई थी. उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में भी उनका काम चर्चा का विषय रहेगा, क्योंकि वह पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ क्षेत्र के लिए काम करेंगी. अनिता ने बताया कि राजनीति में आने से पहले उनका कोई राजनीतिक अनुभव नहीं था. वह कृषि क्षेत्र से जुड़ी हैं और ऑर्गेनिक फार्मिंग के लिए देशभर में काम करती हैं.

किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए राजनीति में आईं अनिता
कांग्रेस पार्टी की किसानों के प्रति नीतियों और कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया. उनका मानना है कि किसानों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए काम करना बेहद जरूरी है. अनिता सिंह के अनुसार, वह अब तक यूट्यूब और सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों को जागरूक करती थीं, लेकिन किसानों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए उनके पास कोई प्रभावी राजनीतिक मंच नहीं था.

सोशल मीडिया से आगे बढ़कर किसानों के लिए जमीन पर किया काम
चुनाव लड़ने के पीछे एक बड़ा उद्देश्य यही रहा कि किसानों की समस्याओं को मजबूती से सरकार के सामने रखा जा सके और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जा सकें. उन्होंने कहा कि उनका चैनल केवल शिक्षा और जानकारी देने का माध्यम है. वह खुद खेतों में जाकर किसानों को व्यावहारिक जानकारी देती हैं. यही जमीनी जुड़ाव उनकी जीत का एक बड़ा कारण रहा.

शिक्षा और किसान कल्याण रहेंगी प्राथमिकताएं  
अनिता ने स्पष्ट किया कि चुनाव में जीत या हार से उनके रिश्ते नहीं बदलेंगे. वार्ड का कोई भी व्यक्ति उनके लिए पराया नहीं है. सभी की समस्याओं को मजबूती से आगे पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी होगी. आने वाले पांच वर्षों की प्राथमिकताओं के बारे में अनिता सिंह ने कहा कि सबसे पहले शिक्षा के क्षेत्र में काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी. इसके साथ ही किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को मजबूती से उठाना भी उनके एजेंडे में शामिल रहेगा. उन्होंने कहा कि बोर्ड गठन के बाद क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा.

फॉलोअर्स नहीं, जनता का भरोसा बना जीत की असली ताकत
झुंझुनूं की अनिता सिंह की यह जीत इसलिए भी खास है कि जहां कई जगह सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता चुनावी वोटों में तब्दील नहीं हो पाई, वहीं उन्होंने सोशल मीडिया की पहचान के साथ-साथ किसानों के बीच अपने जमीनी काम और संपर्क को चुनावी समर्थन में बदल दिया. यह मुकाबला बताता है कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या से ज्यादा अहम है. लोगों के बीच बनाई गई विश्वसनीयता और जमीनी जुड़ाव. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandeep Kedia

Sandeep Kedia

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो