)
Rajasthan Panchayat Election Result 2026: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने भाजपा के कई बड़े नेताओं को झटका दिया है. सीकर में शहरी विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है. परिवार के तीन सदस्य चुनाव मैदान में थे, लेकिन कोई भी जीत दर्ज नहीं कर सका. वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में भी भाजपा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है.
मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी 51 वोटों से हारीं
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं. इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने उन्हें 51 वोटों से हरा दिया. मंत्री की पत्नी की हार के बाद उनके दोनों बेटों को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा.
दोनों बेटों को भी नहीं मिली जीत
झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 19 से निर्दलीय उम्मीदवार थे, लेकिन वह चुनाव नहीं जीत सके. वहीं दूसरे बेटे अजय सिंह खर्रा भाजपा के टिकट पर श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 20 से मैदान में थे. उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी भैरूलाल वर्मा ने 60 वोटों से हराया. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हार सीकर में चर्चा का विषय बनी हुई है.
CM भजनलाल के गृह जिले में भी भाजपा को झटका
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस ने जिला परिषद की 31 सीटों में से 21 पर जीत दर्ज की है. भाजपा को सिर्फ 9 सीटें मिली हैं. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ की आठ पंचायत समितियों में कांग्रेस ने छह में जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा दो तक सिमट गई.
चूरू में राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू ने बचाई साख
दूसरी तरफ चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के परिवार को सफलता मिली है. उनके बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 39 से 17,861 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. वहीं बहू कनिका सिंह ने वार्ड नंबर 23 से 2,384 वोटों से चुनाव जीता.
चार जिलों के नतीजे 17 दिसंबर को आएंगे
राजस्थान के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना हो रही है. कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में मतगणना 17 दिसंबर को होगी. इन जिलों की मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है.