App

चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने बचाई सियासी प्रतिष्ठा! बेटे-बहू की शानदार जीत, कांग्रेस विधायकों के परिवार को झटका

चूरू जिला परिषद चुनाव में राजेंद्र राठौड़ ने अपनी सियासी प्रतिष्ठा बचा ली. बेटे पराक्रम राठौड़ ने 7810 और बहू कनिका राठौड़ ने 2384 वोटों से जीत दर्ज की. वहीं, कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया और विधायक अनिल शर्मा के भाई को हार मिली.

चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने बचाई सियासी प्रतिष्ठा! बेटे-बहू की शानदार जीत, कांग्रेस विधायकों के परिवार को झटका
Image Credit: Churu Zila Parishad Election Results 2026

Churu Panchayat Election Result 2026: राजस्थान के चूरू जिले में जिला परिषद चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद कई बड़े नेताओं की सियासी प्रतिष्ठा का फैसला हो गया है. इन चुनावों में सबसे ज्यादा नजरें भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ और उनके परिवार पर टिकी थीं. नतीजों में राठौड़ परिवार ने अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखी है. राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम राठौड़ और पुत्रवधू कनिका राठौड़ ने अपने-अपने वार्ड से जीत दर्ज की है. वहीं, कांग्रेस के दो विधायकों के परिवारों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है.

राजेंद्र राठौड़ ने बचाई प्रतिष्ठा, बेटे ने 7810 वोटों से मारी बाजी
चूरू जिला परिषद चुनाव में राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम राठौड़ ने वार्ड संख्या 39 से बड़ी जीत हासिल की है. पराक्रम को कुल 17,861 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी केशर चंद शर्मा को 10,051 वोट मिले. इस तरह पराक्रम राठौड़ ने 7,810 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया. पराक्रम की इस जीत को राजेंद्र राठौड़ के लिए सियासी तौर पर अहम माना जा रहा है.

बहू कनिका राठौड़ ने भी लहराया जीत का परचम
राजेंद्र राठौड़ के परिवार के लिए दूसरी खुशखबरी वार्ड संख्या 23 से आई. यहां उनकी पुत्रवधू कनिका राठौड़ ने जीत दर्ज की है. कनिका को कुल 13,303 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी आशा स्वामी को 10,919 वोट मिले. कनिका ने 2,384 वोटों से जीत हासिल की. बेटे और बहू की एक साथ जीत से राठौड़ परिवार की दोहरी खुशी का मौका बना है. दोनों नतीजों के साथ राजेंद्र राठौड़ ने जिला परिषद चुनाव में अपनी सियासी प्रतिष्ठा बरकरार रखी है.

कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी को मिली हार
दूसरी तरफ तारानगर से कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया के परिवार को बड़ा झटका लगा है. उनकी पत्नी कनक बुडानिया जिला परिषद के वार्ड संख्या 38 से चुनाव हार गई हैं. इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी नरेश ने कनक बुडानिया को 2,198 वोटों से हराया है.

विधायक अनिल शर्मा के भाई हारे, भाभी जीतीं
सरदारशहर से कांग्रेस विधायक अनिल शर्मा के परिवार के लिए चुनावी नतीजे मिले-जुले रहे. उनके भाई केशर चंद शर्मा को वार्ड संख्या 39 से पराक्रम राठौड़ के सामने हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, केशर चंद शर्मा की पत्नी अंजू बाला ने वार्ड संख्या 3 से जीत दर्ज की है.

चूरू जिला परिषद के इन नतीजों में जहां राजेंद्र राठौड़ का परिवार दोनों सीटें जीतने में सफल रहा, वहीं कांग्रेस विधायकों के परिवारों को अलग-अलग चुनावी परिणाम देखने को मिले. राठौड़ परिवार की दोहरी जीत जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More