App

क्या मोतीझील को फिर मिलेगा ताजा पानी? रतनपुर चैनल से अतिक्रमण हटाने की पहल से जगी नई उम्मीद

मोतिहारी की मोतीझील को आखिरकार उसके हिस्से का पानी लौटाने की कवायद शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि अब जल्द ही मोतीझील को ताजा पानी मिलने लगेगा, क्योंकि रतनपुर चैनल से अतिक्रमण हटाने की पहल से उम्मीद नई जगी है.

क्या मोतीझील को फिर मिलेगा ताजा पानी? रतनपुर चैनल से अतिक्रमण हटाने की पहल से जगी नई उम्मीद
Image Credit: मोतीहारी की मोतीझील के हिस्से का पानी लौटाने की कवायद हुई शुरू (Photo-AI)

मोतिहारी की धड़कन कही जाने वाली मोतीझील में साफ पानी आने के लिए दो रास्ते थे, जो आज लगभग खत्म हो चुके हैं. एक रास्ता रामरेखा नदी थी, दूसरा गंडक नहर से बनाया गया रतनपुर चैनल था. यहां पर हम 'था' शब्द का इस्तेमाल इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि आज की तारीख में जल प्रवाह के दोनों रास्ते लगभग बंद हो गए हैं. अंधाधुंध और बेतरतीब शहरीकरण और इंसानी स्वार्थ के कारण मोतीझील में ताजा पानी आने वाला रास्ता बंद हो गया है.

मोतिहारी में लगातार स्थानीय लोगों की उठती आवाज और हाई कोर्ट में दाखिल याचिका से न सिर्फ मोतीझील के जीर्णोद्धार की उम्मीद जग रही है, बल्कि कुछ प्रयास होता हुआ भी दिखाई दे रहा है. मछुआ आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी के साथ मोतिहारी डीएम, नगर आयुक्त और उप महापौर ने मोतीझील को रिचार्ज करने वाली लगभग अस्तित्व खो चुकी रतनपुर चैनल का जायजा लिया.

जायजा लेने के दौरान मछुआ आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी ने डीएम को कहा कि फिलहाल मोतीझील तक कैसे ताजा पानी पहुंचे, उसकी पहल हो. रतनपुर चैनल का जायजा लेने के बाद उसी दिन डीएम ने गंडक नहर के अधिकारियों के साथ बैठक कर रतनपुर चैनल से अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश जारी किया है.

मोतिहारी डीएम सुमन सौरभ यादव ने बताया कि शहरी इलाके में रतनपुर चैनल के अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर आयुक्त और ग्रामीण क्षेत्र में पड़ने वाले रतनपुर चैनल से अतिक्रमण हटाने के लिए अंचलाधिकारी को निर्देश दे दिया गया है. हालांकि, डीएम के निर्देश के बाद नक्शे से पैमाइश और अतिक्रमणकारियों को नोटिस जैसी कानूनी प्रक्रिया के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कवायद हो सकेगी, पर अगर आगाज अच्छी हो, तो अंजाम भी काबिलेतारीफ होता है. क्या मोतिहारी की धड़कन मोतीझील को अब ताजा पानी मिल सकेगा? प्रशासनिक पहल सच में उद्देश्यपूर्ण है या फिर सिर्फ आईवॉश है? इस बाबत हमने मोतिहारी से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की.

नौ साल पहले मोतीझील के किनारे जल पुरुष राजेंद्र सिंह को बुलाकर चौपाल लगाने वाले समाजसेवी रंजीत गिरी ने बताया कि मुझे उम्मीद है, इस बार निराश नहीं करेंगे अधिकारी. महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन करने वाले राय सुंदर देव शर्मा कहते हैं कि मैंने अपनी आंखों से आज से करीब चालीस वर्ष पहले रतनपुर चैनल से मोतीझील में ताजा पानी जाते हुए देखा है.

उन्होंने कहा कि मोतीझील के नाम पर काम से ज्यादा वादा और घोषणा देख चुके हैं. मोतिहारी में ऐसे कई लोग हैं, जो मानते हैं कि मोतीझील ने आज फिर अपने किनारे कुछ वादों और इरादों को सुना है. मोतिहारी डीएम सुमन सौरभ यादव का मछुआ आयोग के अध्यक्ष, नगर आयुक्त और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चंचल बाबा मठ, चैलाहां पड़रिया टोला, वैतरणी और चोरनिया पुल और गौशाला पुल का निरीक्षण करना एक सार्थक पहल है.

रिपोर्ट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More