)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की. साथ ही सीएम धामी ने सड़क, रेल हवाई सेवाओं, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा. सीएम धामी ने प्रधामंत्री मोदी को उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भी भेंट किए.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सामरिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण राज्य है. उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है. राज्य के हित में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया.
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल भेंट किए. साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता एवं आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की मूर्ति भेंट की.
इस दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी के सामने कई प्रस्ताव पेश किए. उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण उत्तराखंड में सड़क, रेल और हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग की. साथ ही पहाड़ी राज्यों को EAP Capping से छूट देने का आग्रह किया. ताकि उत्तराखंड को विकास योजनाओं के लिए ज्यादा आर्थिक मदद मिल सके.
इसके अलावा चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का विस्तार और आधुनिकीकरण करने की मांग की. ताकि इसका इस्तेमाल आम लोगों के साथ सेना के कामों के लिए भी हो सके. वहीं, दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेसवे बनाने की मांग की. इससे कुमाऊं क्षेत्र में आना-जाना आसान होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए सड़क और रेल दोनों के इस्तेमाल वाली सुरंग का प्रस्ताव रखा. बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक नई रेल लाइन और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन को डबल करने की मांग की.
सीएम धामी ने किच्छा, ऊधमसिंह नगर में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान खोलने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी. उत्तराखंड में अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और शिक्षा संस्थानों को बेहतर बनाने के लिए भी केंद्र सरकार से सहयोग मांगा. सीएम योगी ने हरिद्वार कुंभ-2027 के आयोजन के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये देने और SASCI योजना के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया.
सीएम धामी ने देहरादून रिंग रोड की करीब 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना, देहरादून-मसूरी रोपवे, बिजली, जल विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आपदा के बाद होने वाले पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए भी आभार जताया. देहरादून से हरिद्वार तक रैपिड रेल सेवा बढ़ाने के लिए मेरठ-मोदिपुरम से हरिद्वार तक सर्वे कराने और ऋषिकेश में यातायात की समस्या कम करने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक जलमार्ग की संभावनाएं तलाशने में सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया.
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि उत्तराखंड को शादी समारोह के लिए देश का पसंदीदा स्थान बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. इसके लिए रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा. चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में भी नए वेडिंग डेस्टिनेशन तैयार करने की योजना है. इसके लिए राज्य सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी भी बनाई है. इससे जुड़ी गाइडलाइन जारी की हैं.
सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन नए क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं. इनमें पौड़ी गढ़वाल का बेलकेदार क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल का अंजनिसैंण और टिहरी क्षेत्र तथा चम्पावत के लोहाघाट और श्यामलाताल शामिल हैं. इन जगहों को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना है. धामी सरकार चारधाम यात्रा के साथ-साथ सर्दियों में भी पर्यटन को बढ़ावा दे रही है. इसके लिए चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा शुरू की गई है.
सीएम धामी ने बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) और कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के पर्यटक आवास गृहों में पर्यटकों को 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 तक 73 हजार से ज्यादा श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा कर चुके थे. वहीं आदि कैलाश में भी 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. आदि कैलाश में हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई है. माणा घाटी में भी मैराथन कराने की योजना है. टिहरी झील में सम-एक्रो फेस्टिवल और औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है.
'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड के जरिए राज्य के स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाई जा रही है. इस ब्रांड का कारोबार बढ़कर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसके 22 ट्रेडमार्क भी रजिस्टर हो चुके हैं, जिनमें 11 GI टैग और बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से जुड़े हैं. अब उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद अमेजन, ONDC, जियो मार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बिक रहे हैं. सभी जिलों में 'एक जिला-एक मेला' आयोजित करने की तैयारी की जा रही है.
सीएम धामी ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए 559 क्लस्टर स्कूल चिह्नित किए गए हैं. इनमें से 331 स्कूलों का आकलन किया गया है और 93 स्कूलों के लिए मंजूरी भी दी गई है. 'भारत दर्शन' कार्यक्रम के तहत हाईस्कूल की परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 379 विद्यार्थियों को देश के बड़े शैक्षणिक, वैज्ञानिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया है. 'उत्तराखंड दर्शन' कार्यक्रम शुरू करने की भी योजना है. इसके तहत विद्यार्थियों को राज्य के प्रमुख वैज्ञानिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थानों को देखने का मौका मिलेगा.