App

वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो घबराएं न: उत्तराखंड में 20 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान, घर-घर पहुंचेंगे BLO

उत्तराखंड में वोटर लिस्ट में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर सुधार के लिए एक और मौका मिलने जा रहा है. बीएलओ घर घर जाकर सत्यापन करेंगे.

वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो घबराएं न: उत्तराखंड में 20 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान, घर-घर पहुंचेंगे BLO
Image Credit: Z Creative (AI Image)

उत्तराखंड में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी. पुरुषोत्तम ने इस बारे में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के सभी जनपदों में 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसमें घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा. उन्होंने अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने की सख्त हिदायत दी है. उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही की जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

एक सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरे प्रदेश में एक सप्ताह तक चलने वाले विशेष अभियान में प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहनता से जांच करेंगे और उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों को चिन्हित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.

नए नाम जुड़वाने के लिए करना होगा ये काम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने और अपात्र प्रविष्टि को हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित प्रारूपों में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं. फार्म-6 नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा.

अगर एक ही नाम कई जगह दर्ज हो जाए तो क्या करें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में एक ही मतदाता का नाम एक ही बूथ पर और एक से अधिक मतदान केंद्रों में दर्ज होने की स्थिति में ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित किया जाएगा. फार्म-7 के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की कार्रवाई की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के प्रावधानों के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा किसी निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का पात्र नहीं है.

मतदाताओं से की ये अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों का नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरण भली-भांति जांच लें. यदि किसी प्रकार की त्रुटि या अशुद्धि पाई जाती है तो निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-8 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें. इसी प्रकार यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है.

बैठक में ये रहे शामिल

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीप्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारीमस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More