)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उद्योगपतियों के साथ हुई बैठक को लेकर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने इस मुलाकात और उसमें कही गई बातों का हवाला देते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों के सामने जो टिप्पणी की, वह असल में खुद सरकार की नीतियों की नाकामी को दिखाती है.
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कल उद्योगपतियों को तंज कसते हुए कहा कि टैक्स कम करने के बावजूद न तो वेतन बढ़ाया गया और न ही नई नौकरियां पैदा की गईं. इस पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह उद्योगपतियों पर कोई आरोप नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री का खुद का कबूलनामा है.
मोदी जी कल उद्योगपतियों को ताना मार रहे थे - "टैक्स घटाया, फिर भी न तनख्वाह बढ़ाई, न नौकरियाँ दीं।" मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं - आपका कबूलनामा है। आप कहते हैं - "भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं।" सही कहा। ये भूख किसकी है, पूरा देश जानता है। एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला, सड़कें - सब जिनके नाम कर दिए, उन्होंने कितनी नौकरियाँ बनाईं? नौकरियाँ देने वाले छोटे व्यापारी और MSME - उन्हें तो आपने नोटबंदी और गलत GST से तबाह कर दिया। और जो बड़ी कंपनियाँ ईमानदारी से मुक़ाबला करती थीं, उनके लिए मैदान ही ख़त्म कर दिया। Monopoly नौकरी नहीं देती। महंगाई बढ़ाती है, और मुक़ाबला ख़त्म करती है। "आप करो, हम देख लेंगे"? मोदी जी, लूट आपने और आपके मित्रों ने की - देश ने देखा, और देख रहा है। तालियाँ नहीं बजीं तो बुरा मान गए? आपकी नीतियों ने उद्योगपति, छोटे व्यापारी, महंगाई से त्रस्त गरीब और मध्यम वर्ग, बेरोज़गार युवा - किसी को ताली बजाने लायक छोड़ा ही नहीं। तालियाँ और थालियाँ अपने बचे-खुचे भक्तों से ही बजवा लीजिए।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 20, 2026
अपने बयान में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के उस कथन का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा कि 'भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं.' राहुल गांधी ने इस बात पर सहमति जताते हुए कहा कि यह बात सही है, लेकिन देश के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि यह भूख आखिर किसकी है? उन्होंने सवाल उठाया कि देश के प्रमुख संसाधन और बुनियादी ढांचे-जैसे एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें-जिन लोगों के हवाले किए गए, उन्होंने आखिर कितनी नौकरियां दीं. राहुल गांधी का कहना है कि कार्पोरेट जगत को बड़े संसाधन और तमाम एसेट्स सौंपने के बावजूद भी युवाओं को रोजगार क्यों नहीं दे पाए?
राहुल गांधी ने रोजगार देने वाले क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी और MSME सेक्टर सबसे ज्यादा नौकरियां देने वाले रहे हैं, लेकिन नोटबंदी और कथित तौर पर गलत GST लागू किए जाने से इन्हें भारी नुकसान पहुंचा और ये कमजोर पड़ गए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करती थीं, उनके लिए भी समान अवसर और खुला मैदान खत्म कर दिया गया.
उनका तर्क है कि मोनोपॉली यानी एकाधिकार से नौकरियां पैदा नहीं होतीं. इसके उलट, इससे महंगाई बढ़ती है और बाजार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा खत्म होती है. राहुल गांधी ने तंज भरे लहजे में 'आप करो, हम देख लेंगे' जैसी सोच पर भी सवाल उठाए और कहा कि लूट सरकार और उसके करीबी लोगों ने की है, जिसे देश ने देखा है और आज भी देख रहा है.
बैठक के माहौल और प्रतिक्रियाओं पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर तालियां नहीं बजीं, तो प्रधानमंत्री को बुरा नहीं मानना चाहिए. उनके अनुसार, सरकार की नीतियों ने किसी भी वर्ग को ऐसा मौका या स्थिति नहीं दी कि वह तालियां बजा सके. राहुल गांधी ने कहा कि इन नीतियों का असर उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग तथा बेरोजगार युवाओं सहित हर किसी पर पड़ा है. अंत में उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि तालियां और थालियां बजवानी हैं, तो सरकार अपने बचे-खुचे समर्थकों से ही बजवा ले.