)
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा और मोतिहारी की पहचान मोतीझील के बीच अनन्यसाश्रय संबंध है. कभी जिस झील के किनारे छठ की आस्था का जनसैलाब उमड़ता था, आज उसी मोतीझील की दुर्दशा देखकर छठ व्रतियों का मन विचलित हो रहा है. सिस्टम की नाकामी की वजह से जलकुंभी और गंदे पानी के बीच मोतीझील में छठ पूजा करने को छठव्रती मजबूर हैं?
यह और बात है कि मोतीझील से जलकुंभी हटाने के लिए रोज मशीन चलती है, बावजूद इसके मोतीझील से जलकुंभी खत्म नहीं हो पा रही है. ऐसे में जाहिर है या तो जलकुंभी हटाने वाली मशीन रोज चल नहीं रही या फिर मशीन की क्षमता मोतीझील की जलकुंभी हटाने वाली नहीं है?
दोनों ही परिस्थितियों में जिम्मेदार से सवाल पूछना लाजिमी है कि मोतीझील से जलकुंभी हटाने वाली मशीन होने के बावजूद छठ पूजा पर भी जलकुंभी क्यों नहीं हट सकी? क्या मशीन कागजों में ही चल रही है या फिर मशीन की क्षमता ही नहीं है? और अगर मशीन की क्षमता नहीं है, तो उसे खरीदने वाले जिम्मेदार जवाब दें! क्यों ऐसी मशीन के नाम पर लाखों रुपये बर्बाद किए गए? आखिर कब तक मोतीझील के नाम पर लूट होती रहेगी?
मोतीझील बचाओ अभियान के संयोजक ज्ञानेश्वर गौतम सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखते हैं कि जनप्रतिनिधियों को याद रखना चाहिए कि जनता का धैर्य हमेशा मौन नहीं रहता. इतिहास गवाह है कि जब अन्याय अपनी सीमाएं पार करता है, तब प्रतिकार का अर्जुन भी सामने आता है.
मोतीझील के लिए आवाज बने 'सेव मोतीझील' के अंसारुल हक कहते हैं कि मोतीझील को अब भाषण नहीं, पुनर्जीवन चाहिए. आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए.
मोतीझील के लिए पटना हाईकोर्ट में लगातार याचिका दायर करने वाले अधिवक्ता कुमार अमित कहते हैं कि मोतीझील बचेगी, तभी मोतिहारी की पहचान बचेगी.
हालांकि, मोतीझील कुछ लोगों के लिए जरूर कमाई का जरिया बना हुआ है, पर मोतीझील का दोहन और शोषण करने वालों को यह सोचना चाहिए कि एक दिन हर इंसान को मिट्टी में ही मिल जाना होता है. इसलिए प्रकृति की इस अनमोल धरोहर वाले जल निकाय का संरक्षण होना चाहिए, दोहन नहीं.
रिपोर्ट: पंकज कुमार