App

सास-बहू की लड़ाई में पिस गई भैंस! मोतिहारी में जख्मी बेजुबान को लेकर थाने पहुंचा बुजुर्ग, माथा पकड़कर बैठ गई पुलिस

मोतिहारी के कोटवा थाने में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. बझिया गांव के रहने वाले रामाधार सहनी अपनी घायल भैंस को लेकर थाने पहुंच गए और थानाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाई. रामाधार सहनी का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर उनके बेटे और बहू ने उनकी भैंस की डंडों से पिटाई कर बुरी तरह घायल कर दिया.

सास-बहू की लड़ाई में पिस गई भैंस! मोतिहारी में जख्मी बेजुबान को लेकर थाने पहुंचा बुजुर्ग, माथा पकड़कर बैठ गई पुलिस
Image Credit: मोतिहारी में जख्मी भैंस को लेकर थाने पहुंचा बुजुर्ग (Photo-AI)

मोतिहारी में खाकी वर्दी वालों के सामने 13 नवंबर शुक्रवार को एक ऐसा अजीबोगरीब मामला आ गया, जिसने उन्हें गहरी सोच में डाल दिया. दरअसल, मामला ये था कि एक बुजुर्ग अपनी घायल भैंस को लेकर सीधे थाने पहुंच गए और न्याय की गुहार लगाने लगे. अब थानेदार साहब भी सिर पकड़कर बैठ गए कि भाई, इंसान की मारपीट का तो रोज का है, लेकिन भैंस की इंज्यूरी रिपोर्ट यानी चोट का पर्चा कैसे बने? थाना परिसर में ओडी स्लिप (OD Slip) काटने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई, क्योंकि जिले के इतिहास में शायद यह पहला मौका था जब कोई पशु अपनी मेडिकल लिखापढ़ी करवाने थाने पहुंचा था.

क्या है पूरा मामला? जानिए

दरअसल, यह अनोखा वाकया कोटवा थाना क्षेत्र के बझिया गांव का है. यहां रहने वाले बुजुर्ग रामाधार सहनी का अपने ही बेटे और बहू के साथ जमीन-जायदाद को लेकर पुराना विवाद चल रहा है. इसी रंजिश के चलते शुक्रवार को घर में सास और बहू के बीच फिर से तीखी नोकझोक और कहासुनी हो गई.

घर का गुस्सा उस बेजुबान भैंस पर उतर गया

बात इतनी बढ़ी कि घर का गुस्सा उस बेजुबान भैंस पर उतर गया. रामाधार सहनी का आरोप है कि गुस्से में आकर उनकी भैंस की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई.

पुलिस थाने के गेट पर भैंस को खड़ा कर बुजुर्ग ने थानाध्यक्ष से गुहार लगाई

इंसान अपनों की प्रताड़ना से तंग आकर थाने जाता है, लेकिन जब बात बेजुबान जानवर पर आई, तो आहत रामाधार सहनी अपनी पत्नी के साथ घायल भैंस को रस्सी से खींचते हुए सीधे कोटवा थाना पहुंच गए. पुलिस थाने के गेट पर भैंस को खड़ा कर बुजुर्ग ने थानाध्यक्ष से गुहार लगाई. उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष साहब! अब आप ही न्याय कीजिए... इन लोगों ने इस बेजुबान को नहीं छोड़ा.

मामला बना इलाके में चर्चा का विषय

अब इस अनोखे मामले की चर्चा पूरे इलाके में है. इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. एक तरफ जहां पारिवारिक विवादों का ऐसा खौफनाक रूप देखकर लोग हैरान हैं. वहीं, दूसरी तरफ थाने में भैंस लेकर पहुंचे बुजुर्ग की यह जिद और पुलिस की उलझन सोशल मीडिया चर्चा का विषय बनी हुई है. साथ ही मोतिहारी पुलिस के लिए यह वाकई एक अनोखा इम्तिहान साबित हो रहा है.

इनपुट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More