App

जालोर के PHC में बवाल: 'इसी कुर्सी पर निपटा दूंगा...' डॉक्टर को धमकी देने का वीडियो वायरल

जालोर के बागोड़ा क्षेत्र स्थित जुनी बाली PHC में डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर और महिला कर्मचारियों के बीच विवाद गहरा गया है. चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार मीणा ने नर्सिंग ऑफिसर सुरेश कुमार परिहार पर धमकी देने, ड्यूटी में लापरवाही, मरीजों से पैसे लेने और निजी क्लिनिक चलाने जैसे आरोप लगाए हैं. वहीं, महिला स्टाफ ने छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत दी है.

जालोर के PHC में बवाल: 'इसी कुर्सी पर निपटा दूंगा...' डॉक्टर को धमकी देने का वीडियो वायरल
Image Credit: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर के बीच विवाद

जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र के जुनी बाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर के बीच विवाद गहरा गया है. नर्सिंग ऑफिसर सुरेश कुमार परिहार के खिलाफ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार मीणा और महिला स्टाफ ने अलग-अलग परिवाद देकर गंभीर आरोप लगाए हैं. डॉक्टर को धमकी देने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है.

चिकित्सा अधिकारी ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सरकारी दवाइयों के बदले मरीजों से पैसे लेने, ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने और अस्पताल के सामने निजी क्लिनिक संचालित करने जैसी अनियमितताएं हो रही हैं. इनका विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर नर्सिंग ऑफिसर डॉक्टर से कहते नजर आ रहे हैं कि 'इसी कुर्सी पर निपटा दूंगा, जो करना है कर ले.'

महिला स्टाफ ने भी खोला मोर्चा
वहीं, PHC की महिला कर्मचारियों ने सामूहिक परिवाद देकर छेड़छाड़, अश्लील बातें करने, अभद्र इशारे और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए हैं. एक ANM ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने की शिकायत भी की है. लेब असिस्टेंट श्रवण कुमार ने भी जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और धमकाने का आरोप लगाया है.

ड्यूटी में लापरवाही के वीडियो भी आए सामने
अस्पताल में ड्यूटी के दौरान सोने और मरीजों से पैसे लेने से जुड़े कथित वीडियो भी सामने आए हैं. इन वीडियो ने सरकारी अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
मामले में चिकित्सा अधिकारी ने 12 नवंबर को बागोड़ा थाने में परिवाद दिया है. फिलहाल दोनों शिकायतों पर जांच की जानकारी है, लेकिन FIR दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है. नर्सिंग ऑफिसर का पक्ष सामने आना बाकी है. अब देखना होगा कि पुलिस और चिकित्सा विभाग इन गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं?

सवाल यह है कि मरीजों की सेवा के लिए बने सरकारी अस्पताल में ही जब इस तरह के विवाद और आरोप सामने आ रहे हैं, तो मरीजों और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा? 
 

Report- Bablu Ram Meena 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More