)
किशनगढ़ के सरगांव क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक बावड़ी में मां और उसके दो वर्षीय मासूम बेटे के शव तैरते हुए मिले. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान 26 वर्षीय ममता गुर्जर और उनके दो वर्षीय बेटे दिव्यांशु के रूप में हुई है. मां और बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध रह गए.
जानकारी के अनुसार, ममता गुर्जर और उनका बेटा दिव्यांशु गुरुवार दोपहर से ही घर से लापता थे. ममता के पति देवाराम गुर्जर एक निजी स्कूल में बस चालक के रूप में काम करते हैं. बताया गया कि देवाराम सुबह अपने काम पर गए थे. जब वह काम से वापस घर लौटे तो पत्नी और बेटा घर पर मौजूद नहीं मिले. इसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी.
इसी बीच सरगांव क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक बावड़ी में दो शवों को तैरते हुए देखा. बावड़ी में शव दिखाई देने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
घटना की सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को बावड़ी से बाहर निकलवाया और उन्हें राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी धर्मराज चौधरी, तहसीलदार अंकुर जैन और थाना प्रभारी नरपत राम भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
पुलिस की ओर से मेडिकल बोर्ड के माध्यम से दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए. मां और बेटे की एक साथ मौत की घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ममता गुर्जर और उनके बेटे दिव्यांशु की मौत किन परिस्थितियों में हुई. घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही मां-बेटे की मौत से जुड़े कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Reporter- Padam kothari