App

दिल्ली में 'नकली यमुना', छठ से पहले वासुदेव घाट पर क्यों गरमाई सियासत? क्या है के नीचे पाइपलाइन का पूरा मामला

छठ महापर्व से पहले AAP ने वासुदेव घाट पर साफ पानी की पाइपलाइन छिपाकर नकली यमुना तैयार करने का आरोप लगाया है. AAP के वरिष्ट नेताओं ने भाजपा सरकार के यमुना सफाई के दावों पर सवाल उठाए हैं.

दिल्ली में 'नकली यमुना', छठ से पहले वासुदेव घाट पर क्यों गरमाई सियासत? क्या है  के नीचे पाइपलाइन का पूरा मामला
Image Credit: दिल्ली में 'नकली यमुना', छठ से पहले वासुदेव घाट पर क्यों गरमाई सियासत? (AAP- X)

दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच यमुना की सफाई को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार पर वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार करने और उसके लिए जमीन के नीचे पीने के साफ पानी की पाइपलाइन बिछाने का आरोप लगाया है.

यमुना सफाई पर AAP ने उठाए सवाल
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं. वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा है. सौरभ भारद्वाज का आरोप है कि पिछले साल की तरह इस बार भी भाजपा सरकार छठ महापर्व के दौरान लोगों को यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि यमुना साफ हो चुकी है, जबकि वास्तविकता कुछ और है.

वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार, AAP ने सरकार पर लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि अगर सरकार के दावे के मुताबिक यमुना पूरी तरह साफ हो गई है तो फिर वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार करने के लिए पीने के साफ पानी का इस्तेमाल करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने सवाल उठाया कि पानी की पाइपलाइन को जमीन के अंदर छिपाने की आखिर क्या जरूरत है? सौरभ भारद्वाज ने वीडियो के जरिए वासुदेव घाट की स्थिति दिखाते हुए बताया कि पिछले साल भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई नकली यमुना का मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना था. उस समय आम आदमी पार्टी ने इसका खुलासा किया था, जिसके बाद भाजपा सरकार को देशभर में आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था.

मुख्य पाइपलाइन से एक छोटी पाइप जोड़कर पानी नकली यमुना तक पहुंचाने का दावा
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल हुई किरकिरी के बावजूद सरकार ने इस बार भी वही तरीका अपनाया है, लेकिन इस बार पाइपलाइन को छिपाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं. आप प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली जल बोर्ड की मुख्य पानी की पाइपलाइन का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साल हरे रंग की मुख्य पाइपलाइन से एक छोटी पाइप जोड़कर पानी नकली यमुना तक पहुंचाया गया था. इस बार मौके पर वैसी कोई पाइप बाहर दिखाई नहीं दे रही है. जब उन्होंने मुख्य पाइपलाइन के आसपास की जमीन का निरीक्षण किया तो वहां खुदाई के निशान मिले. उनका दावा है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद खुदी हुई जमीन को दोबारा ठीक किया गया और उसे छिपाने के लिए ऊपर से घास जैसी कृत्रिम परत बिछा दी गई.

पाइपलाइन और खुदाई के निशानों को छिपाने पर सरकार से किए सवाल
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मुख्य पाइपलाइन से एक छोटी पाइप जोड़कर उसे जमीन के अंदर दबा दिया गया है, जो सीधे वासुदेव घाट पर बनाई गई नकली यमुना में जाकर मिलती है. उन्होंने कहा कि सरकार ने इस पाइपलाइन को घास और अन्य चीजों से ढककर छिपाने की कोशिश की है, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके. उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार कुछ गलत नहीं कर रही है तो पाइपलाइन और खुदाई के निशानों को छिपाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने पिछले साल वासुदेव घाट को लेकर हुए प्रचार का भी जिक्र किया.

प्रधानमंत्री से भी AAP ने किए सवाल
भारद्वाज के मुताबिक, उस समय मीडिया में खबरें चल रही थीं कि प्रधानमंत्री वासुदेव घाट पहुंचकर छठ पूजा में शामिल हो सकते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी द्वारा नकली यमुना का खुलासा किए जाने के बाद प्रधानमंत्री वहां नहीं पहुंचे.

मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा सरकार घेरा
इस मामले पर मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा सरकार को घेरते हुए एक्स पर लिखा कि भाजपा के शासन में दिल्ली में एक बार फिर नकली यमुना तैयार की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को यह दावा करना है कि यमुना साफ हो गई है, इसलिए वासुदेव घाट पर जमीन के नीचे छिपाकर पीने के साफ पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है.

दिल्ली की राजनीति में नया विवाद 
सिसोदिया ने कहा कि पिछले साल भी नकली यमुना बनाकर सफाई का दावा करने वाली भाजपा सरकार की पोल खुल गई थी. छठ महापर्व से ठीक पहले यमुना की सफाई और घाटों की तैयारियों को लेकर उठे इन सवालों ने दिल्ली की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है. आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार के यमुना सफाई के दावों पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की है.

(Input: आईएएनएस) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो