App

प्रशांत किशोर और बीजेपी के रिश्तों पर सियासी घमासान तेज, आरजेडी-कांग्रेस ने बताया 'बी-टीम', तो जेडीयू और भाजपा ने किया पलटवार

बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर और सम्राट चौधरी की मुलाकात को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस और राजद ने प्रशांत किशोर को बीजेपी की बी-टीम बताते हुए निशाना साधा है. वहीं, जेडीयू और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पलटवार किया है.

प्रशांत किशोर और बीजेपी के रिश्तों पर सियासी घमासान तेज, आरजेडी-कांग्रेस ने बताया 'बी-टीम', तो जेडीयू और भाजपा ने किया पलटवार
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

कांग्रेस ने कहा कि प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर अब तक केवल कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन जिस तरह सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के चेहरे के हाव-भाव सामने आए हैं, उससे स्पष्ट होता है कि प्रशांत किशोर पूरी तरह से बीजेपी की बी-टीम के रूप में काम कर रहे हैं. आगे-आगे देखिए, इनके गठबंधन की पोल खुलती रहेगी. हमें उम्मीद है कि विधानसभा सत्र के दौरान प्रशांत किशोर किस तरह बीजेपी के खिलाफ बोलते हैं, यह भी देखने को मिलेगा.

जेडीयू और भाजपा ने राजद पर साधा निशाना

वहीं, जेडीयू ने कहा कि मुद्दाविहीन राजद मीडिया में बने रहने के लिए हमेशा प्रयासरत रहती है. अब आप देख लीजिए कि जब कोई मुद्दा नहीं होता है, तब भी उसे कैसे मुद्दा बनाया जाए, यह कोई राजद से सीखे. अगर किसी श्रद्धांजलि सभा में माननीय सम्राट चौधरी जी की मुलाकात किसी अन्य नेता से हो जाती है, तो उसे भी राजनीतिक चश्मे से देखने का प्रयास किया जाता है. हालांकि, बिहार की जनता सजग है और सभी का आकलन करना जानती है. उधर, भाजपा के एक एमएलसी ने कहा कि यह कोई मुद्दा नहीं है, जिसे मीडिया रात-दिन चला रही है. एक वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य की श्रद्धांजलि सभा में सभी लोग आम आदमी की तरह पहुंचे थे. मुख्यमंत्री समेत सभी राजनीतिक दलों के नेता वहां मौजूद थे. लालू प्रसाद यादव, प्रशांत किशोर, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे. प्रशांत किशोर को भी निमंत्रण दिया गया था और वे वहां पहुंचे थे. यह पूरी तरह एक औपचारिक कार्यक्रम था. इसे राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है. उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को बेवजह की बातों में उलझने के बजाय बिहार के विकास और युवाओं के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए.

प्रशांत किशोर भाजपा की बी-टीम

वहीं, राजद ने कहा कि यह जगजाहिर है कि प्रशांत किशोर भाजपा की बी-टीम हैं और उन्हें बिहार तथा यहां की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है. सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के मुख्यमंत्री से हाथ मिलाने का जो दृश्य सामने आया है, वह प्रशांत किशोर को बिहार विधानसभा और एमएलसी चुनाव में बी-टीम के रूप में काम करने के लिए दी गई बधाई है. राजद ने आरोप लगाया कि भाजपा खुद को बड़ी और सैद्धांतिक पार्टी बताती है, लेकिन उसके भीतर गुटबाजी का अंबार है. पार्टी के अनुसार, भाजपा नेता नितिन नवीन की साख गिराने और उनकी हार सुनिश्चित करने के लिए सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के बीच आपसी तालमेल बना था. सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.

राजद ने प्रशांत किशोर पर लगाए गंभीर आरोप

राजद ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए 'बाबू न भैया, सबसे बड़ा रुपैया' वाली कहावत सटीक बैठती है. वे पैसे के लिए बिहार को बेच रहे हैं और लोकतंत्र को समाप्त करने का काम कर रहे हैं. पार्टी ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में जहां-जहां राष्ट्रीय जनता दल और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा, वहां प्रशांत किशोर ने अपनी मर्जी से उम्मीदवार नहीं उतारे, बल्कि उनकी पार्टी के प्रत्याशी भाजपा के इशारे पर तय किए गए थे, ताकि महागठबंधन के उम्मीदवारों को हराया जा सके. राजद ने कहा कि प्रशांत किशोर केवल एक रणनीतिकार हैं, नेता नहीं और वे कभी नेता नहीं बन सकते. वे सिर्फ अपनी नीतियां बेचते हैं. भाजपा ने देश की जनता से काला धन वापस लाने, किसानों की आय दोगुनी करने और हर साल दो करोड़ नौकरियां देने जैसे जो वादे किए थे, उनके झूठ को फैलाने में प्रशांत किशोर की भूमिका रही है. वे झूठ और फरेब के होलसेलर हैं, जबकि भाजपा डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में देश और बिहार की जनता को ठगने का काम कर रही है. इससे स्पष्ट है कि प्रशांत किशोर भाजपा की बी-टीम के रूप में काम कर रहे हैं.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More