App

मैथिली ठाकुर जमीन विवाद: प्रशासन ने सरकारी रास्ते से हटाया अतिक्रमण, अवैध निर्माण भी तोड़ा गया

मैथिली ठाकुर जमीन विवाद में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाया गया है. साथ ही, अवैध निर्माण को भी तोड़ा गया है.

मैथिली ठाकुर जमीन विवाद: प्रशासन ने सरकारी रास्ते से हटाया अतिक्रमण, अवैध निर्माण भी तोड़ा गया
Image Credit: मैथिली ठाकुर (फाइल फोटो- जी मीडिया)

दरभंगा जिले के अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद में अब प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है. तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत के बाद आज डीसीएलआर अजय कुमार और सीओ आलोक कुमार खुद अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन की मापी कराई. मापी के दौरान सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाए जाने के बाद उसे खाली कराया गया. अधिकारियों ने मौके पर बने निर्माण को भी तोड़वाया.

3 डिसमिल 14 धुर जमीन पर कब्जे की शिकायत

दरअसल, इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधाकृष्ण मंदिर, सामूहिक श्राद्धस्थल और नाले की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया था. शिकायत करने वालों में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी, रामउदार मिश्र सहित कई ग्रामीण शामिल हैं. गगन कुमार मिश्र ने अपनी करीब 3 डिसमिल 14 धुर जमीन पर कब्जे और बाउंड्री निर्माण की शिकायत की थी. वहीं, रामदाय देवी ने अपनी जमीन के किनारे मिट्टी कटाई से नुकसान की आशंका जताई थी.

शिकायतकर्ताओं को बुलाया गया अंचल कार्यालय

वहीं, मौके पर डीसीएलआर ने बताया कि शुरुआती मापी में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण मिलने पर उसे हटवा दिया गया है. अन्य शिकायतकर्ताओं को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया गया है, जहां उनके दस्तावेजों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. मंदिर की जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले में पड़ता है. ऐसे में ग्रामीणों को वहां के प्रशासन के समक्ष शिकायत करने के लिए कहा गया है. फिलहाल, विधायक मैथिली ठाकुर से जुड़े इस हाई प्रोफाइल जमीन विवाद में प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों की उम्मीदें बढ़ गई हैं. ऐसे में अब देखना होगा कि शनिवार को होने वाली सुनवाई और आगे की मापी में कितने और मामलों का खुलासा होता है.

मामले को लेकर क्या बोलीं मैथिली ठाकुर?

अपने परिवार पर लगे जमीन पर कब्जे के आरोपों पर बीते दिन भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा- मैंने भी 2 दिन पहले पोस्ट देखना शुरू किया है. भू-माफिया, जमीन हथियाना, गरीबों का हक छीनना, ये सारी बातें मैं पढ़ रही हूं, हमारे परिवार के बारे में ये झूठे आरोप आधारहीन हैं. ये सुनकर भी मुझे बहुत खराब लग रहा है कि लोग ऐसी बाते लिख रहे हैं. अगर इससे जुड़ी कोई भी बात है तो वहां के अंचल अधिकारी हैं उनसे पूछा जाए. कोई आरोप लग रहा है तो उसका क्या आधार है? इसको साबित किया जाए, मैं बहुत चिंतित हूं कि लोग इतने बड़े शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं तो इसका आधार क्या है? आधारहीन खबरें फैल रही हैं.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार, दगभंगा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More