)
शाजापुर जिला अस्पताल में बीते सोमवार रात को प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बोलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी के बाद प्रसुता को ब्लिडिंग और नवजात को सांस लेने में तकलीफ होने पर शाजापुर रैफर किया गया था. शुक्रवार को मामले की जांच के लिए सीएमएचओ डॉ. कमला आर्य जांच टीम के साथ बोलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं. यहां परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. इस दौरान मृतका के पति ने रोते हुए अपनी पीड़ा बयां की और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बोलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी के दौरान लापरवाही के चलते अब तक दस नवजात बच्चों की मौत हो चुकी है. शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने करीब एक साल पहले ही यहां प्रसव कराने पर प्रतिबंध लगा दिया था, इसके बावजूद यहां पदस्थ एएनएम मधुबाला द्वारा लगातार डिलीवरी कराए जाने का आरोप लगाया गया. ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब केंद्र पर प्रसव कराने की अनुमति नहीं है, तो फिर यहां डिलीवरी कैसे हो रही है और जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की.
मामला ग्राम सिमरोल निवासी मोनिका पति हंसराज परमार से जुड़ा है. परिजन बीते सोमवार को डिलीवरी के लिए उन्हें बोलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे. आरोप है कि यहां प्रसव के बाद मोनिका को ब्लीडिंग होने लगी, वहीं नवजात को भी सांस लेने में परेशानी होने लगी. हालत बिगड़ने पर दोनों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन कुछ समय बाद प्रसूता और नवजात दोनों की मौत हो गई.
घटना के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे. उनका कहना था कि जब वे गंभीर हालत में प्रसूता और नवजात को लेकर पहुंचे तो अस्पताल का स्टाफ मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त था और समय पर उपचार नहीं मिल पाया. इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
शुक्रवार को जांच टीम के बोलाई पहुंचने पर ग्रामीणों ने सीएमएचओ से कई सवाल किए. ग्रामीणों ने पूछा कि जब एक साल पहले प्रसव कराने पर रोक लगा दी गई थी तो इसके बावजूद एएनएम मधुबाला डिलीवरी कैसे कर रही थी? पूर्व में भी एक प्रसूता और नवजात की मौत का मामला सामने आया था, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी उसकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एएनएम मधुबाला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ही निजी क्लीनिक संचालित कर रखा है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
ये भी पढ़ेंः भोपाल में 600 परिवार होंगे बेघर? इसी डर से महिलाएं खा रही जहर, फांसी के फंदे पर झूलने को मजबूर
ग्रामीण गोविंद पंवार का कहना था कि पहले भी शिकायतें की गईं, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण एक बार फिर प्रसूता और नवजात की जान चली गई. इस दौरान मृतका के पति हंसराज परमार ने भी जांच टीम के सामने अपना दर्द बयां किया. वहीं मामले में सीएमएचओ डॉ. कमला आर्य ने बताया कि एएनएम मधुबाला के संबंध में पूर्व कलेक्टर ऋजु बाफना और वर्तमान कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े को भी शिकायत की जा चुकी है. उनके द्वारा एएनएम को तीन बार नोटिस जारी किए गए हैं. करीब एक वर्ष पहले ही बोलाई स्वास्थ्य केंद्र पर डिलीवरी कराने पर रोक लगा दी गई थी. अब संबंधित एएनएम को यहां से हटाकर मोहन बड़ोदिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है.
(रिपोर्टः मनोज जैन, शाजापुर)