App

Nvidia विवाद में 'चाइनीज कनेक्शन' के बाद चीन जा रहे ट्रंप, क्या जिनपिंग के साथ मीटिंग पर पड़ेगा असर?

अमेरिका में Nvidia विवाद के बीच राष्ट्रपति ट्रंप 18 नवंबर से चीन की यात्रा पर जा रहे हैं. वहां पर उनकी जिनपिंग के साथ सीधी बैठक होनी है. सवाल है कि क्या चिप विवाद का असर इस बैठक पर तो नहीं पड़ने जा रहा.

Nvidia विवाद में 'चाइनीज कनेक्शन' के बाद चीन जा रहे ट्रंप, क्या जिनपिंग के साथ मीटिंग पर पड़ेगा असर?
Image Credit: ट्रंप चीन की यात्रा पर जा रहे हैं, जहां जिनपिंग से उनकी बैठक होगी

अमेरिकी राष्ट्रपति अगले हफ्ते चीन के दौरे पर रहने वाले हैं. वे 18 और 19 नवंबर को शेनझेन में होने जा रही एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) की बैठक में वे हिस्सा लेंगे. इस दौरे में उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी अहम बैठक तय है, जिसमें व्यापार, टैरिफ और अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से जुड़े कई मुद्दों पर गंभीर चर्चा होने की उम्मीद है.

ट्रंप की यह यात्रा ऐसे समय में होने जा रही है, जब Nvidia विवाद को लेकर यूएस में हंगामा मचा हुआ है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इस विवाद के बाद जिनपिंग के साथ उनकी मीटिंग पर तो क्या असर पड़ने जा रहा है?

Nvidia विवाद की वजह से गर्माया राजनीतिक माहौल

बताते चलें कि अमेरिका में चिप निर्माण कंपनी Nvidia को लेकर भूचाल आया हुआ है. कंपनी के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग के इस्तीफे और चीन को एआई चिप्स बेचे जाने के पुराने समझौतों पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं. अमेरिकी संसद से लेकर आम गलियारों तक चर्चा है कि क्या इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात में ट्रंप प्रशासन बीजिंग के प्रति अपना रवैया सख्त कर सकता है.

जेनसन की पैरवी पर जब ट्रंप ने लिया वो बड़ा फैसला

रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग लंबे अरसे से इस बात की जोरदार वकालत कर रहे थे कि अमेरिका को चीन के बाजार में अपने एडवांस एआई चिप्स बेचने की छूट देनी चाहिए. उनका दावा था कि चीन को अमेरिकी तकनीक से पूरी तरह महरूम नहीं करना चाहिए. इसके बजाय वहां पर चिप्स की सप्लाई बढ़ाई जानी चाहिए, जिससे ग्लोबल मार्केट में अमेरिकी कंपनियों का दबदबा ज्यादा मजबूत रहे.

उनका यह तर्क मानकर डोनाल्ड ट्रंप ने दिसंबर 2025 में Nvidia की H200 एआई चिप्स को चीन के हाथों बेचने की इजाजत दे दी थी. इसके एवज में यह तय हुआ था कि कंपनी को अपनी कुल कमाई का 25 प्रतिशत हिस्सा अमेरिकी सरकार को देना होगा. हालांकि, बीजिंग की ओर से जरूरी मंजूरियां मिलने में आई रुकावटों के चलते इन चिप्स की खेप उम्मीद के मुताबिक चीन तक नहीं पहुंच पाई थी. उस वक्त जेनसन हुआंग की ओर से चीन को चिप्स बेचने की मांग पर किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया था.

कथित रिश्तों की वजह से जेनसन हुआंग का इस्तीफा

हालांकि, मामला तब तूल पकड़ गया. जब जेनसन हुआंग के कुछ निजी रिश्तों को लेकर मीडिया में रिपोर्ट्स सामने आने लगीं. रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उनका ताल्लुक एलिस हुआंग नाम की एक महिला से था. अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि उस महिला का संबंध चीन की खुफिया व्यवस्था से है. हालांकि, चीनी सरकार ने इन सारे इल्जामों को सिरे से खारिज कर दिया है. उधर, विवादों में घिरने के बाद जेनसन हुआंग ने Nvidia के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद से इस्तीफा दे दिया है.

वॉशिंगटन में चीन पर लगाम कसने की उठ रही मांगें

इस ताजा घटनाक्रम के बाद अमेरिका में चीन विरोधी सुगबुगाहट तेज हो गई है. देश के कई सांसद अब चीन को किसी भी तरह की एआई चिप्स भेजने के खिलाफ बेहद सख्त नियम बनाने की मांग कर रहे हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने सरकार से साफ कह दिया है कि Nvidia की इस एक्सपोर्ट डील से जुड़े तमाम दस्तावेजों को सुरक्षित रखा जाए. उन्हें शक है कि कुछ चालाक कंपनियां तीसरे देशों के रास्तों का इस्तेमाल करके Nvidia के चिप्स को चुपचाप चीन तक पहुंचा रही हैं.

जिनपिंग के साथ बैठक में कैसा रहेगा ट्रंप का रुख?

ऐसे तनाव भरे माहौल में ट्रंप चीन यात्रा पर जा रहे हैं. जानकारों का मानना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ट्रंप शायद Nvidia विवाद की वजह से चीन के साथ रिश्ते नहीं बिगाड़ेंगे. उनके हाव-भाव और संकेत  बता रहे हैं कि वे चीन के साथ रिश्तों में ज्यादा खटास नहीं लाना चाहते. इसके बावजूद, घरेलू मोर्चे पर अमेरिकी संसद और सुरक्षा तंत्र का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में शेनझेन का यह दौरा बेहद नाजुक मोड़ पर आ गया है. पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि टेक्नोलॉजी और चिप्स के इस पेच पर दोनों दिग्गज नेता क्या नया फैसला लेते हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More