App

जिम्बाब्वे के खिलाफ 155 रन और 7 विकेट: दीप्ति शर्मा को मिला बड़ा सम्मान, दूसरी बार जीता ICC का ये बड़ा अवॉर्ड

भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद अक्टूबर 2026 महीने के लिए महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीत लिया. उन्होंने दूसरी बार इस पुरस्कार को अपने नाम किया.

जिम्बाब्वे के खिलाफ 155 रन और 7 विकेट: दीप्ति शर्मा को मिला बड़ा सम्मान, दूसरी बार जीता ICC का ये बड़ा अवॉर्ड
Image Credit: दीप्ति शर्मा. X/@BCCIWomens

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को बड़ा पुरस्कार दिया. दीप्ति को अक्टूबर 2026 महीने के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड दिया गया है. उन्होंने अपने करियर में दूसरी बार यह अवॉर्ड जीता है. जिम्बाब्वे के खिलाफ दीप्ति ने शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने बांग्लादेश की सोभना मोस्टरी और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को हराकर यह पुरस्कार जीता. जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में दीप्ति ने वनडे और टी20 में शानदार प्रदर्शन किया था. 29 साल की इस खिलाड़ी ने गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दिया था.

दीप्ति ने पिछले महीने छह इंटरनेशनल मैचों में 155 रन और सात विकेट लिए थे. भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सभी छह मैचों में जीत हासिल की थी. यह अवॉर्ड दीप्ति के करियर में एक और मील का पत्थर है. उन्होंने पहली बार दिसंबर 2023 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का सम्मान जीता था. लगभग तीन साल बाद इस अनुभवी ऑलराउंडर ने अपने कलेक्शन में दूसरा मंथली अवॉर्ड जोड़ा है.

 

दीप्ति ने अवॉर्ड जीतने के बाद क्या कहा?

दीप्ति शर्मा ने कहा, ''मुझे आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ़ द मंथ अवॉर्ड जीतकर खुशी हो रही है. जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज हमारे लिए बहुत अच्छी थी और मुझे टीम के प्रदर्शन पर गर्व है, खासकर युवाओं पर. शतक बनाना मेरे लिए एक बहुत खास पल था, जो और भी खास हो गया क्योंकि इसने जीत में योगदान दिया. मैं इस पहचान के लिए वोटिंग पैनल और फैंस को धन्यवाद देना चाहती हूं, साथ ही अपने साथियों और कोच को उनके लगातार सपोर्ट के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं. मैं यह अवॉर्ड दुनिया भर में अपने फैंस को डेडिकेट करना चाहती हूं.''

दीप्ति ने वनडे में लगाया था दूसरा शतक

दीप्ति का योगदान टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शुरू हुआ. उन्होंने रायपुर में शुरुआती मैच में 37 गेंदों पर 49 रन की तेज पारी खेली. उनकी पारी ने भारत को 19/4 की मुश्किल स्थिति से उबरने और जीत दिलाने में मदद की. उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में दो विकेट भी लिए. उन्होंने उस फॉर्म को वनडे लेग में भी जारी रखा. सीरीज के पहले मैच में दो विकेट लिए और फिर वडोदरा में दूसरे मैच में अपना शानदार प्रदर्शन किया. नंबर 6 पर बैटिंग करते हुए दीप्ति ने सिर्फ 86 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से नाबाद 106 रन बनाए. यह उनका दूसरा वनडे शतक था और मई 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 188 रन बनाने के बाद इस फॉर्मेट में उनका पहला शतक था. उन्होंने 32 रन देकर तीन विकेट भी लिए. इससे भारत ने 121 रन से जीत हासिल करके सीरीज अपने नाम कर ली.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More