)
माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की ईमेल सर्विस और टीम्स (Teams) समेत कई ऐप्स में आए बड़े आउटेज के बाद अब धीरे-धीरे सिचुएशन कंट्रोल में आ रही है. कंपनी ने एशिया-पैसिफिक रीजन में प्रभावित हुए सिस्टम के कई हिस्सों को फिक्स कर लिया है और वहां सर्विसेज को रीस्टोर करने का काम शुरू हो गया है. हालांकि, सभी सर्विसेज अभी पूरी तरह से स्मूद नहीं हुई हैं, इसलिए कुछ यूजर्स को बीच-बीच में दिक्कत आ सकती है. इस बीच माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने इस तकनीकी खराबी से यूजर्स को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है.
यूजर्स को हुई परेशानी पर दक्षिण एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंडोक ने दुख जताया. उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि इस गड़बड़ी के कारण ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए कंपनी को अफसोस है. उन्होंने यह भी बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक टीमें समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए लगातार काम कर रही हैं.
कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भी साफ किया है कि इस समस्या के पीछे किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं. यानी यह सुरक्षा से जुड़ा हमला नहीं, बल्कि कंपनी के अपने इंफ्रास्ट्रक्चर और कॉन्फिगरेशन से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी थी.
We’re seeing encouraging recovery progress, with service availability and email delivery performance improving across a growing portion of affected infrastructure. We know our customers rely on our services to get important work done every day, and regret the impact these outages had on those who depend on us. We will continue to share more information as we have it, and for now we can confirm that there is no indication this is the result of malicious or cyber activity. Our teams are reviewing what happened and how we can prevent similar issues going forward.
— Microsoft (@Microsoft) November 13, 2026
कंपनी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'हमें रिकवरी में अच्छे सुधार देखने को मिल रहे हैं. प्रभावित हुए बड़े हिस्से में अब सर्विस की उपलब्धता और ईमेल डिलीवरी की रफ्तार बेहतर हो रही है. हम जानते हैं कि हमारे ग्राहक अपने रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए हमारी सेवाओं पर निर्भर रहते हैं, और इस रुकावट से उन्हें जो भी परेशानी हुई है, उसके लिए हमें खेद है. जैसे-जैसे आगे की जानकारी मिलेगी, हम साझा करते रहेंगे. फिलहाल हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि इस समस्या के पीछे किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले हैं. हमारी टीमें इस बात की जांच कर रही हैं कि यह तकनीकी खराबी कैसे हुई और भविष्य में ऐसी दिक्कतों को कैसे रोका जा सकता है.'
दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी 12 नवंबर की रात करीब 9:47 बजे शुरू हुई थी. जिसका असर भारत समेत 74 देशों में देखने को मिला. डाउनडिटेक्टर पर आउटलुक से जुड़ी करीब 1.30 लाख शिकायतें दर्ज की गईं. इस दौरान यूजर्स को ईमेल भेजने और प्राप्त करने के साथ टीम्स, वनड्राइव और अन्य सेवाओं के इस्तेमाल में भी परेशानी हुई.
इस गड़बड़ी से कंपनियों, सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और एयरलाइंस का कामकाज भी प्रभावित हुआ. भारत में स्पाइसजेट को दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. हालांकि, एयर इंडिया ने बताया कि उसके विमान परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा.
दुनियाभर में अफरातफरी के बीच अमेरिकी शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट देखी गई. एपी ने आउटेज ट्रैकर डाउनडिटेक्टर के हवाले से बताया कि भारत समेत 74 देशों में करीब 43 करोड़ यूजर इस समस्या से प्रभावित हुए. दर्जनों देशों के लगभग 1.30 लाख यूजर्स ने आउटलुक तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की. इस वैश्विक आउटेज से करीब 10 अरब डॉलर यानी 93 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई गई है.
शुरुआती जांच में इस आउटेज की वजह सर्वर और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी समस्या सामने आई. रिपोर्ट के मुताबिक, तकनीकी सेटिंग में बदलाव के कारण माइक्रोसॉफ्ट के कुछ सर्वर पर लोड बढ़ गया और वे ठीक से काम करना बंद कर गए. इसके बाद प्रभावित सर्वर का ट्रैफिक दूसरे सर्वर पर भेजा गया, जिससे उन पर भी दबाव बढ़ने लगा.