)
सूरतगढ़ में प्लॉट के विवाद को लेकर छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लोहे की पत्ती से हमला कर उसकी हत्या कर दी. मृतक की पहचान विष्णु नायक (42) पुत्र भगवानाराम निवासी वार्ड नंबर 13 के रूप में हुई है. घटना गुरुवार रात की है. सूचना मिलने पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. इसके बाद शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया. मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्लॉट बेचने की बात को लेकर हुआ विवाद
सीआई कलावती चौधरी ने बताया कि मृतक के बेटे कानाराम (19) निवासी वार्ड नंबर 13 ने एफआईआर दर्ज करवाई है. रिपोर्ट के अनुसार, विष्णु नायक और उसके छोटे भाई सुनील कुमार के बीच प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.
गुरुवार को कानाराम काम पर गया हुआ था, जबकि उसका छोटा भाई सुभाष किसी काम से श्रीविजयनगर गया था. घर पर उनकी मां सुमन, छोटी बहन निशा और कानाराम की पत्नी लक्ष्मी मौजूद थीं.
शराब के नशे में घर पहुंचा चाचा, लोहे की पत्ती से किया हमला
एफआईआर के अनुसार, रात करीब 9 बजे कानाराम की पत्नी ने उसे फोन कर बताया कि उसके चाचा सुनील कुमार शराब के नशे में घर आए थे. वह उसके पिता विष्णु नायक से प्लॉट बेचने की बात कर रहे थे. इस पर विष्णु ने कहा कि प्लॉट गिरवी रखा हुआ है. सुनील कुमार डेढ़ लाख रुपए चुका दें तो प्लॉट छुड़वाया जा सकता है.
इसी बात को लेकर सुनील कुमार गुस्से में आ गया और उसने लोहे की पत्ती से विष्णु नायक के सिर और कमर पर वार कर दिए. बीच-बचाव के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया.
अस्पताल में उपचार के बाद बिगड़ी तबीयत
सूचना मिलने पर कानाराम घर पहुंचा तो उसके पिता लहूलुहान हालत में बेहोश पड़े थे. परिजन उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने उनके सिर में टांके लगाकर प्राथमिक उपचार किया और छुट्टी दे दी.
हालांकि, देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद कानाराम और उसका भाई सुभाष पिता को दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने विष्णु नायक को मृत घोषित कर दिया.
आरोपी डिटेन, हत्या का मामला दर्ज
पुलिस को शुक्रवार अलसुबह करीब 4 बजे घटना की जानकारी मिली. कानाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने सुनील कुमार पुत्र भगवानाराम नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. सीआई कलावती चौधरी ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार को डिटेन कर लिया गया है. दर्ज हत्या के मामले में पुलिस की ओर से अनुसंधान किया जा रहा है.
Reporter- Pradeep Kumar