)
राजधानी जयपुर में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दहशत फैला दी. मुरलीपुरा थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर पुलिया से नीचे कार पर पलट गया. हादसे में कार सवार सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच से छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर के नीचे दबकर कार पूरी तरह पिचक गई. मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिया की रेलिंग तोड़ चार फीट नीचे जा गिरा ट्रेलर
जानकारी के अनुसार 18 चक्का ट्रेलर दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहा था. इसी दौरान रोड नंबर-14 पर अनाज मंडी के पीछे पुलिया से उतरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. तेज रफ्तार ट्रेलर पुलिया की रेलिंग तोड़ता हुआ करीब चार फीट नीचे जा गिरा और वहां से गुजर रही कार के ऊपर पलट गया. अचानक हुए इस हादसे में कार, पिकअप, बाइक और स्कूटी सहित करीब पांच वाहन ट्रेलर की चपेट में आ गए. बेकाबू ट्रेलर सड़क किनारे बनी एक दुकान की तरफ भी जा घुसा.
कार के परखच्चे उड़े, दो लोगों ने गंवाई जान
हादसे में सीता विहार, मुरलीपुरा निवासी रमेश (60) और फागी-रेनवाल निवासी हनुमान सहाय (40) की मौत हो गई. ट्रेलर के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं हादसे में पांच से छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
क्रेन से निकाले गए फंसे लोग, हाईवे पर लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ट्रेलर और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया. हादसे के बाद जयपुर-दिल्ली हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की कतार लग गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया.

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग तोड़ने की बात सामने आई है. हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.