App

कश्मीर में बिछी बर्फ की चादर, तो दिल्ली को जहरीले स्मॉग ने जकड़ा, आखिर कब मिलेगी इस नरक से राहत?

अगर आपको 'जन्नत' वर्सेज 'जहन्नुम' एक साथ देखने हों तो आप कश्मीर से दिल्ली एनसीआर आ जाइए. एक तरह बिछी बर्फ की चादर बिछी है और हवा एकदम साफ है. वहीं, दूसरी ओर दिल्ली को जहरीले स्मॉग ने जकड़ लिया है.

कश्मीर में बिछी बर्फ की चादर, तो दिल्ली को जहरीले स्मॉग ने जकड़ा, आखिर कब मिलेगी इस नरक से राहत?
Image Credit: कश्मीर घाटी और दिल्ली एनसीआर में मौसम का अलग मिजाज दिख रहा है (एआई इमेज)

नवंबर का महीना आमतौर पर तेज ठंड की शुरुआत वाला माना जाता है. लेकिन इस बार नवंबर में मौसम का जो मिजाज दिख रहा है, उसने लोगों को हैरान कर दिया है. देश के उत्तरी छोर पर स्थिति कश्मीर में जहां बर्फ की सफेद चादर फैली पड़ी है और हवा एकदम साफ है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए सांस लेना भी किसी सजा की तरह हो गया है. वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचा हुआ है, जिससे लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है.

ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बिछी बर्फ की चादर

जम्मू-कश्मीर की के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. गुलमर्ग, सोनमर्ग, जोजिला पास और साधना टॉप जैसे ऊंचे पहाड़ी इलाकों में इस सीजन की पहली जोरदार बर्फबारी हुई है. हालात ये हैं कि कई जगहों पर एक फीट तक बर्फ जम चुकी है. इसकी वजह से चारों ओर चांदी की तरह सफेदी नजर आ रही है.

बर्फबारी और बारिश की वजह से घाटी में कड़ाके की ठंड जरूर बढ़ गई है. कुछ ऊपरी इलाकों में रास्तों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई है. इसके बावजूद, यहां के लोगों और पर्यटकों के लिए यह मौसम किसी तोहफे से कम नहीं है. इसकी वजह ये है कि वहां की आबोहवा एकदम शुद्ध है. जम्मू-कश्मीर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) इस वक्त 55 से 130 के बीच यानी संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में चल रहा है. यहां हवा में कोई जहर नहीं , बल्कि ताजगी है.

दिल्ली-एनसीआर में जहरीला धुआं और स्मॉग

इसके बिल्कुल उलट, राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों का हाल बेहाल है. नवंबर शुरू होने के बाद रात में ठिठुरन तो बढ़ी है लेकिन इसके साथ ही प्रदूषण के रूप में बड़ी आफत भी आ गई है. पूरे दिल्ली-एनसीआर में जहरीली हवा और स्मॉग की घनी चादर फैली हुई है. सुबह के वक्त बाहर निकलना ऐसा लगता है, जैसे किसी गैस चैंबर में कदम रख दिया हो.

पूरे इलाके में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच चुका है. ज्यादातर इलाकों में औसत AQI 400 से 500 के खतरनाक स्तर पर बना हुआ है. नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कई हिस्सों में तो यह सुई सीधे 500 तक पहुंच जाती है. इस जहरीली हवा का सबसे बुरा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों पर पड़ रहा है. लोगों को आंखों में जलन, गले में चुभन और सांस लेने में तकलीफ जैसी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं.

इस दमघोंटू माहौल से कब मिलेगी राहत?

लाखों लोगों के जेहन में अब बस एक ही सवाल है कि इस जहरीले धुएं से मुक्ति कब मिलेगी? मौसम जानकारों की मानें तो फिलहाल हालात सुधरने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं. इसकी वजह ये है कि इस समय जो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, उसका फायदा सिर्फ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों को मिल रहा है. इसके प्रभाव से वहां पर बारिश- बर्फबारी हुई है. लेकिन दिल्ली-एनसीआर को इसका कोई फायदा नहीं मिल पाया है. ऐसे में जब तक अच्छी बारिश नहीं होती, प्रदूषण का बैठना मुश्किल है.

दूसरी बात ये है कि हवा की रफ्तार बेहद सुस्त है. जानकारों का कहना है कि जब तक उत्तरी-पश्चिमी दिशा से तेज ठंडी हवाएं नहीं चलतीं, तब तक हवा में जमे बारीक प्रदूषक तत्व (PM2.5 और PM10) यहां से नहीं हटेंगे. यहीी वजह है कि हवा की चाल धीमी होने की वजह से सारा प्रदूषण यहीं फंसकर रह गया है. मौसम की इसी बेरुखी ने प्रदूषण से निपटने के सारे इंतजाम नाकाफी बना रखे हैं.

मौसम कब बदलेगा अपनी करवट?

कुल मिलाकर स्थिति ये है कि एक तरफ जम्मू-कश्मीर में लोग प्रकृति के सर्द और हसीन पलों के मजे ले रहे हैं. वहीं, वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोग घुटनभरे प्रदूषण से जूझने को मजबूर हैं. अब देखना ये है कि मौसम कब करवट लेता है और तेज हवाओं का झोंका इस प्रदूषण को उड़ाकर कहीं दूर फेंक दे. जिससे लोगों को साफ हवा नसीब हो सके. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More