App

34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में दौड़ीं 42 KM लंबी न्यूयॉर्क मैराथन: एक साल में पूरी कीं दुनिया की 7 बड़ी रेस; महिला के जज्बे को सलाम कर रहे लोग

मैराथन में 42 किलोमीटर दौड़ना अपने आप में बड़ी चुनौती है, लेकिन अमेरिका की 38 साल की डिएड्रे कीन ने प्रेग्नेंसी के दौरान भी अपने दौड़ने के जुनून को कम नहीं होने दिया. उन्होंने प्रेग्नेंसी के 34वें हफ्ते में न्यूयॉर्क मैराथन पूरी की. खास बात यह है कि साल 2026 में उन्होंने दुनिया की सात बड़ी मैराथन में हिस्सा लेकर अपना लक्ष्य भी हासिल किया.

34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में दौड़ीं 42 KM लंबी न्यूयॉर्क मैराथन: एक साल में पूरी कीं दुनिया की 7 बड़ी रेस; महिला के जज्बे को सलाम कर रहे लोग
Image Credit: X- @IGIHE | डिएड्रे कीन ने प्रेग्नेंसी में न्यूयॉर्क मैराथन पूरा कर रचा इतिहास!

अमेरिका की 38 वर्षीय डिएड्रे कीन के लिए दौड़ना कोई नया शौक नहीं है. वह पहले ही 60 से ज्यादा मैराथन पूरी कर चुकी थीं. लेकिन साल 2026 में उन्होंने अपने लिए एक खास लक्ष्य तय किया था. वह एक ही साल में दुनिया की सात बड़ी मैराथन पूरी करना चाहती थीं.

पिछले साल उनकी शादी ब्रायन से हुई थी. दोनों परिवार शुरू करने के बारे में सोच रहे थे. डिएड्रे को लगा कि मां बनने की प्लानिंग में अभी थोड़ा समय लग सकता है. इसी सोच के साथ उन्होंने कई बड़ी रेस के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया. उनकी लिस्ट में सात बड़ी मैराथन के अलावा आयरलैंड की एक ट्रेल मैराथन, दो अल्ट्रामैराथन और एक आयरनमैन कंपटीशन भी शामिल था. उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह सफर एक ऐसे मोड़ पर पहुंचेगा, जहां उन्हें अपनी तैयारी के साथ-साथ अपनी प्रेग्नेंसी का भी ध्यान रखना होगा.

रफ्तार धीमी हुई तो हुआ प्रेग्नेंसी का पता

डिएड्रे का मैराथन सफर मार्च में टोक्यो से शुरू हुआ. इसके बाद अप्रैल में उन्होंने बोस्टन और लंदन मैराथन में हिस्सा लिया. इन रेस के दौरान उन्हें महसूस होने लगा कि उनकी दौड़ने की रफ्तार पहले जैसी नहीं रही है. शरीर में कुछ बदलाव भी महसूस हो रहे थे. इसके बाद उन्होंने प्रेग्नेंसी टेस्ट किया और रिजल्ट पॉजिटिव आया. यह खबर उनके और पति ब्रायन के लिए खुशी के साथ थोड़ी चिंता भी लेकर आई. अब सवाल था कि प्रेग्नेंसी के दौरान इतनी लंबी दूरी तक दौड़ना कितना ठीक रहेगा.

डॉक्टर से सलाह लेकर बदली तैयारी

प्रेग्नेंसी की जानकारी मिलने के बाद डिएड्रे ने अपना सपना पूरी तरह छोड़ने के बजाय डॉक्टर से बात की. सलाह और अपनी शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आगे की पूरी योजना बनाई. उन्होंने आयरनमैन और अल्ट्रामैराथन जैसी ज्यादा मुश्किल कंपटीशन से दूरी बनाने का फैसला किया. साथ ही यह भी तय किया कि अब किसी रेस में समय बेहतर करने या तेज दौड़ने का दबाव नहीं लेंगी. जरूरत पड़ने पर दौड़ने के बजाय पैदल चलेंगी. डॉक्टर ने उन्हें खानपान और शरीर में पानी की कमी न होने देने पर ध्यान देने को कहा. मांसपेशियों में ऐंठन या किसी तरह की परेशानी महसूस होने पर एक्सरसाइज रोकने की सलाह भी दी गई. इस तरह डिएड्रे ने अपने लक्ष्य और सेहत के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की.

 

 

34वें हफ्ते में पूरी की न्यूयॉर्क मैराथन

डिएड्रे ने प्रेग्नेंसी के दौरान सिडनी, बर्लिन और शिकागो मैराथन में भी हिस्सा लिया. सिडनी में दौड़ते समय वह 25 हफ्ते की प्रेग्नेंट थीं. बर्लिन मैराथन के दौरान उनकी प्रेग्नेंसी 29वें हफ्ते में थी, जबकि शिकागो में वह 31वें हफ्ते में थीं. इसके बाद आया नवंबर का महीना. डिएड्रे न्यूयॉर्क मैराथन के लिए तैयार थीं. उस समय वह प्रेग्नेंसी के 34वें हफ्ते में थीं. इसके बाद भी उन्होंने 42.2 किलोमीटर की रेस 4 घंटे, 6 मिनट और 55 सेकंड में पूरी की. इस रेस के साथ ही उन्होंने साल 2026 में दुनिया की सात बड़ी मैराथन पूरी करने का अपना लक्ष्य हासिल कर लिया. उनके लिए यह सिर्फ एक और मेडल या रेस पूरी करने की बात नहीं थी, बल्कि एक लंबे सपने को पूरा करने जैसा था.

पिता की कहानी से मिला आगे बढ़ने का हौसला

रेस के बाद डिएड्रे ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे पिता से जुड़ी यादों का बहुत बड़ा स्थान है. जब वह महज 13 साल की थीं, तभी उनके पिता जॉन का कैंसर से निधन हो गया था. उनके पिता को भी मैराथन दौड़ने का बहुत शौक था. बीमारी के दौरान भी उन्होंने दौड़ना नहीं छोड़ा था. बताया जाता है कि सर्जरी से ठीक एक दिन पहले भी उन्होंने न्यूयॉर्क मैराथन पूरी की थी. पिता के इसी जज्बे ने डिएड्रे के मन पर गहरी छाप छोड़ी. कॉलेज के दिनों में उन्होंने पिता की याद में मैराथन दौड़ना शुरू किया. धीरे-धीरे यह उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया. अब वह चाहती हैं कि अपने बच्चे को भी यही सीख दें कि मुश्किल हालात में हिम्मत नहीं हारनी चाहिए.

हर गर्भवती महिला के लिए नहीं है ऐसा करना

अब डिएड्रे की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. कई लोग उनके हौसले की तारीफ कर रहे हैं. हालांकि, यह समझना भी जरूरी है कि प्रेग्नेंसी के दौरान मैराथन जैसी कठिन एक्सरसाइज हर महिला के लिए सुरक्षित नहीं होती. गर्भावस्था में एक्सरसाइज का तरीका और उसकी सीमा हर महिला की सेहत और स्थिति पर निर्भर करती है. इसलिए इस तरह की गतिविधि जारी रखने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है. डिएड्रे की कहानी का खास पहलू सिर्फ 42 किलोमीटर की दौड़ नहीं है. यह उस याद और हौसले की कहानी भी है, जिसने उन्हें सालों तक आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उनके लिए हर मैराथन अपने पिता से जुड़ने और उनकी सीख को आगे ले जाने का एक तरीका भी रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो