App

उम्र सिर्फ एक नंबर है: 91 साल में बनवाया पहला पासपोर्ट, 96 की उम्र तक नाप डाले दुनिया के सातों महाद्वीप; दादी-पोते की कहानी वायरल

घूमने-फिरने का शौक हो तो उम्र कभी रास्ते की रुकावट नहीं बनती. अमेरिका की 96 साल की जॉय रयान ने इस बात को सच कर दिखाया है. उन्होंने 91 साल की उम्र में अपना पहला पासपोर्ट बनवाया था और अब अपने 45 साल के पोते ब्रैड के साथ दुनिया के सातों महाद्वीप घूम चुकी हैं. उनकी इस यात्रा में खूबसूरत जगहों के साथ परिवार के रिश्ते को दोबारा करीब लाने की कहानी भी छिपी है.

उम्र सिर्फ एक नंबर है: 91 साल में बनवाया पहला पासपोर्ट, 96 की उम्र तक नाप डाले दुनिया के सातों महाद्वीप; दादी-पोते की कहानी वायरल
Image Credit: @BradRyan |96 साल की उम्र में दादी ने घूम लिए दुनिया के सातों महाद्वीप!

कई लोग जिंदगी भर घूमने के सपने देखते हैं, लेकिन नौकरी, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच उनकी ख्वाहिश अधूरी रह जाती है. वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो उम्र के उस पड़ाव पर दुनिया देखने निकल पड़ते हैं, जब ज्यादातर लोग घर पर आराम करना पसंद करते हैं.

अमेरिका के ओहायो की रहने वाली जॉय रयान की कहानी कुछ ऐसी ही है. दुनिया उन्हें प्यार से 'ग्रैंडमा जॉय' कहती है. 96 साल की उम्र में उन्होंने अपने पोते ब्रैड रयान के साथ सातों महाद्वीप घूमने का सपना पूरा कर लिया है. हाल ही में दोनों थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया पहुंचे. ऑस्ट्रेलिया उनकी इस लंबी यात्रा का आखिरी पड़ाव बना. इसके साथ ही जॉय ने दुनिया के सभी सात महाद्वीपों को देखने की अपनी ख्वाहिश पूरी कर ली.

91 साल की उम्र में पहली बार बना पासपोर्ट

PEOPLE डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, जॉय की कहानी की सबसे दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने विदेश घूमने की शुरुआत काफी देर से की. जिस उम्र में बहुत से लोग लंबी यात्रा के बारे में सोचने से भी बचते हैं, उस उम्र में जॉय ने अपना पहला पासपोर्ट बनवाया. 91 साल की उम्र में पासपोर्ट मिलने के बाद उनके लिए दुनिया के दूसरे देशों के दरवाजे खुल गए. इसके बाद उन्होंने अपने पोते ब्रैड के साथ कई देशों की यात्रा की. दोनों ने केन्या में हाथियों को देखा, आयरलैंड में पुराने किलों की सैर की और थाईलैंड में बौद्ध भिक्षुओं से मुलाकात भी की.

एक कैंपिंग ट्रिप से शुरू हुआ सफर

जॉय और ब्रैड की यह यात्रा अचानक शुरू नहीं हुई थी. इसके पीछे परिवार के रिश्ते को फिर से मजबूत करने की एक भावुक कहानी भी है. ब्रैड के अनुसार, उनके और दादी जॉय के बीच करीब 10 साल तक बातचीत नहीं हुई थी. इसके बाद 2015 की शरद ऋतु में उन्होंने अपनी दादी से संपर्क किया और पूछा कि क्या वह उनके साथ ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स में कैंपिंग करने चलेंगी. ब्रैड जानते थे कि उनकी दादी (जॉय) ने इससे पहले कभी पहाड़ नहीं देखे थे. वह उन्हें कुछ नया दिखाना चाहते थे और साथ में वक्त बिताने का मौका भी तलाश रहे थे. जॉय ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया. शायद दोनों को उस समय अंदाजा भी नहीं था कि यह छोटी-सी ट्रिप आगे चलकर दुनिया घूमने के लंबे सफर में बदल जाएगी.

अमेरिका के सभी नेशनल पार्क भी घूमे

कैंपिंग ट्रिप के बाद जॉय और ब्रैड ने अमेरिका के अलग-अलग नेशनल पार्क घूमने शुरू किए. पहाड़, जंगल और प्राकृतिक नजारे उनकी यात्राओं का हिस्सा बनते गए. दोनों ने धीरे-धीरे अमेरिका के सभी 63 नेशनल पार्क देखने का लक्ष्य बना लिया. मई 2023 में उन्होंने देश के आखिरी नेशनल पार्क की यात्रा भी पूरी कर ली. इसके बाद दोनों ने तय किया कि अब अमेरिका से बाहर निकलकर दुनिया के दूसरे हिस्सों को भी देखा जाए. इसी दौरान जॉय ने 91 साल की उम्र में अपना पहला पासपोर्ट बनवाया और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं का सिलसिला शुरू हुआ.

ऑस्ट्रेलिया में कोआला को देखकर खुश हुईं दादी

सातों महाद्वीप घूमने की इस यात्रा का आखिरी पड़ाव ऑस्ट्रेलिया बना. वहां जॉय को कोआला और उनके छोटे बच्चों को देखने का मौका मिला. कोआला के बच्चों को 'जॉय' कहा जाता है. जॉय को ये छोटे जानवर बेहद प्यारे लगे. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को खूबसूरत देश बताया और कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा. सातों महाद्वीप घूमने का सपना पूरा होने पर उन्हें खुद पर गर्व भी महसूस हुआ. उनके लिए यह सिर्फ एक और विदेश यात्रा नहीं थी. यह उस लंबे सफर का आखिरी पड़ाव था, जिसकी शुरुआत उन्होंने 90 साल की उम्र पार करने के बाद की थी.

थाईलैंड में हुई मुलाकात ने पोते को सिखाई नई बात

जॉय और ब्रैड की यात्राओं ने सिर्फ उन्हें नई जगहें देखने का मौका नहीं दिया, बल्कि जिंदगी को समझने का नजरिया भी बदला. थाईलैंड में दोनों की मुलाकात बौद्ध भिक्षुओं से हुई. ब्रैड ने PEOPLE डॉट कॉम को बताया कि वहां एक युवा भिक्षु के साथ बातचीत ने उन्हें काफी प्रभावित किया. इस बातचीत से उन्हें समझ आया कि लोगों के बीच जुड़ाव को देखना कितना जरूरी है. हर समय पुरानी तकलीफों और बीती बातों में उलझे रहने के बजाय जिंदगी में आगे बढ़ना चाहिए. ब्रैड के अनुसार, इन यात्राओं ने उन्हें अपने पुराने अनुभवों से बाहर निकलने और जिंदगी का एक नया, खुशहाल अध्याय शुरू करने में मदद की.

मां-बेटी नहीं, दादी और पोते की अनोखी जोड़ी

जॉय और ब्रैड (दादी-पोते) की कहानी सोशल मीडिया पर भी लोगों का दिल जीत रही है. लोग जॉय के जज्बे की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सीखने, घूमने और नई चीजें देखने की कोई उम्र नहीं होती. कई लोगों के लिए यह कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें एक दादी और पोते का रिश्ता नए अंदाज में दिखाई देता है. दोनों ने साथ में न सिर्फ दुनिया देखी, बल्कि एक-दूसरे के साथ बिताए पलों से अपने रिश्ते को भी नई मजबूती दी.

उम्र नहीं, हौसला तय करता है मंजिल

जॉय रयान की कहानी उन लोगों के लिए एक मिसाल है, जो अक्सर यह सोचकर अपने सपनों को टाल देते हैं कि अब बहुत देर हो चुकी है. जॉय ने 91 साल की उम्र में पहला पासपोर्ट बनवाया और 96 साल की उम्र तक सातों महाद्वीप घूमने का लक्ष्य पूरा कर लिया. उनकी यात्रा बताती है कि जिंदगी में नई शुरुआत करने के लिए कोई तय उम्र नहीं होती. कभी-कभी एक छोटा-सा फैसला पूरी जिंदगी को यादगार बना देता है. जॉय के लिए वह फैसला पोते के साथ एक कैंपिंग ट्रिप पर जाने का था, जिसने उन्हें दुनिया के सातों महाद्वीपों तक पहुंचा दिया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More