)
विजय कुमार/नोएडा: उत्तर प्रदेश पुलिस की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपने कार्यकाल में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में सबसे लंबे समय तक पुलिस कमिश्नर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. इसके साथ ही वह देश में किसी जिले के पुलिस कमिश्नरेट की कमान लगातार सबसे अधिक दिनों तक संभालने वाली पहली महिला आईपीएस अधिकारी बन गई हैं.
लक्ष्मी सिंह ने नोएडा की पहली महिला पुलिस कमिश्नर के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद से लगातार इस पद पर अपनी सेवाएं दी हैं.उनके नेतृत्व में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं.
नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए हमेशा बड़ी चुनौती रहा है. यहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां, कॉरपोरेट कंपनियां, आवासीय सोसायटियां और शैक्षणिक संस्थान मौजूद हैं. ऐसे में पुलिस कमिश्नर के तौर पर लक्ष्मी सिंह के सामने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रही है.
महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति, पिंक बूथ और महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जैसे प्रयासों को भी पुलिसिंग का अहम हिस्सा बनाया गया. इसके अलावा साइबर अपराध पर लगाम लगाने, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.लक्ष्मी सिंह की यह उपलब्धि न सिर्फ गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पुलिस विभाग में नेतृत्व की जिम्मेदारी निभा रही महिलाओं के लिए भी एक बड़ी मिसाल है.
एक महिला आईपीएस अधिकारी के रूप में उन्होंने लंबे समय तक जिले की पुलिस कमान संभालकर यह साबित किया है कि मजबूत नेतृत्व, प्रशासनिक अनुभव और निरंतर प्रयास से किसी भी चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाया जा सकता है.लक्ष्मी सिंह के नाम दर्ज यह नया रिकॉर्ड अब नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में याद किया जाएगा.
लक्ष्मी सिंह को बेहद तर्रार पुलिस अधिकारियों में गिना जाता है. अपने शानदार प्रदर्शन और जिम्मेदारी और इमानदारी से निर्वहन करने के लिएलक्ष्मी सिंह को कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है. 2000 बैच की महिला आइपीएस टॉपर लक्ष्मी सिंह ने मेकेनिकल इंजीनियरिंग और समाजशास्त्र में एमए की डिग्री हासिल करने के बाद पुलिस की खाकी वर्दी पहनी. पुलिस महकमें में अपने करियर में लक्ष्मी सिंह 2014 में बतौर डीआईजी आगरा रहीं और बड़े-बड़े क्रिमिनल का सलाखों के पीछे पहुंचाया.फर्रुखाबाद, बुलंदशहर समेत कई जिलों में पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं.