App

WTC फाइनल की राह मुश्किल, 'करो या मरो' की जंग: 16 में से सिर्फ 3 खिलाड़ियों को है न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलने का अनुभव

टी20 और वनडे सीरीज के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट की बारी है. 19 नवंबर को शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की अग्निपरीक्षा होगी और दांव पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की सीट है.

WTC फाइनल की राह मुश्किल, 'करो या मरो' की जंग: 16 में से सिर्फ 3 खिलाड़ियों को है न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलने का अनुभव
Image Credit: भारत बनाम न्यूजीलैंड. BCCI

भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिए अब न्यूजीलैंड की बाधा को पार करने के लिए तैयार है. टीम इंडिया को अगले साल जून में होने वाले फाइनल मैच तक पहुंचने के लिए इस सीरीज में एक भी हार से बचना होगा. न्यूजीलैंड के बाद घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. इन सात मुकाबलों में भारत एक से ज्यादा हार सह नहीं सकता है  और ऐसे में यह सीरीज काफी रोमांचक होने वाली है.

सीरीज का पहला टेस्ट मैच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में 19 से 23 नवंबर तक खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में 27 नवंबर से एक दिसंबर तक होगा. भारतीय टीम अब तक न्यूजीलैंड में सिर्फ कुछ टेस्ट सीरीज जीती है. 1967 से अब तक 10 टेस्ट सीरीज टीम इंडिया वहां खेली है और सिर्फ दो बार उसे जीत मिली है. पहली बार 1967 और दूसरी बार 2009 में सफलता मिली थी. न्यूजीलैंड ने अपने घर में भारतीय टीम को छह सीरीज में परास्त किया है. दो सीरीज ड्रॉ पर समाप्त हुई है.

तीन खिलाड़ियों को ही न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलने का अनुभव

भारत ने अभी तक इस कैलेंडर साल 2026 में तीन टेस्ट खेले हैं और उनमें से दो में जीत हासिल की है. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में श्रीलंका के खिलाफ उसका पिछला रेड-बॉल मैच ड्रॉ रहा था.  भारत ने न्यूजीलैंड में होने वाली सीरीज के लिए पूरी टीम चुनी है और नीतीश कुमार रेड्डी के अलावा छह स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों को शामिल किया है. सीरीज के लिए चुने गए 16 भारतीय खिलाड़ियों में से सिर्फ तीन को ही न्यूजीलैंड में पहले टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है. ऋषभ पंत ने 2020 में दो, रवींद्र जडेजा ने 2014 से 2020 के बीच तीन और जसप्रीत बुमराह ने 2020 में दो टेस्ट मैच खेले थे.

टेस्ट टीम में कितने बदलाव?

श्रीलंका के खिलाफ हुई पिछली टेस्ट सीरीज की तुलना में न्यूजीलैंड दौरे पर गई टीम में कुल छह बदलाव हुए हैं. जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर टीम में आए हैं. बुमराह, आकाश, सुंदर, नीतीश और सुदर्शन श्रीलंका दौरे पर चोट के कारण टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे. अंशुल कंबोज ने इंग्लैंड के मैनचेस्टर में डेब्यू करने के बाद अब टीम में फिर से जगह बनाई है. मानव सुथार, कुलदीप यादव, सरफराज खान, सारांश जैन और आकिब नबी को बाहर कर दिया गया है.

स्क्वॉड की तुलना

न्यूजीलैंड में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार.

श्रीलंका में पिछली टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, सरफराज खान, सारांश जैन, आकिब नबी, गुरनूर बरार.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो