App

नोट कर लें 24 नवंबर की तारीख, 5 रंगों और 1TB स्टोरेज के साथ लॉन्च होने जा रहा है Huawei Mate X8; देखें फीचर्स

हुवाई ने अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन Mate X8 को 24 नवंबर को चीन में लॉन्च करने का ऐलान कर दिया है. लॉन्च से पहले अपने वेबसाइट पर इसके पांच रंगों और चार मेमोरी वेरिएंट्स की जानकारी सामने आ गई है, जिसमें तगड़ा कैमरा और बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है.

नोट कर लें 24 नवंबर की तारीख, 5 रंगों और 1TB स्टोरेज के साथ लॉन्च होने जा रहा है Huawei Mate X8; देखें फीचर्स
Image Credit: Huawei Mate X8 को कंपनी 24 को लॉन्च करेगी.

आज के समय में फोल्डेबल फोन का क्रेज बहुत बढ़ गया है. लगभग सभी बड़ी कंपनियां इस सेगमेंट में कदम रख चुकी हैं. इसी बीच चाइना की हुआवे कंपनी ने बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने अपने Huawei Mate X8 की लॉन्च डेट का खुलासा कर दिया है.

ये शानदार फोन 24 नवंबर को चीन के मार्केट में पेश किया जाएगा. खास बात ये है कि लॉन्च से ठीक पहले कंपनी के वेबसाइट पर इस फोन की तस्वीरें, रंगों के ऑप्शन और स्टोरेज की जानकारी लाइव हो गई है.

इससे पहले कंपनी के एक बड़े अधिकारी रिचर्ड यू को भी हल्के बैंगनी रंग का ये फोन हाथ में लिए देखा गया था, जिसके बाद से ही कस्टमर्स में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है.

 

 

फोन में हैं 5 कलर ऑप्शन

आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्ट की गई जानकारी के मुताबिक, Huawei Mate X8 को कुल पांच रंगों में उतारा जाएगा.

इनमें पर्पल गोल्ड ब्रोकेड, एज्योर स्काई ब्लैक, स्नोई व्हाइट, किंगयुन ब्रोकेड और डैनक्सिया ब्रोकेड शामिल हैं. डिजाइन के मामले में कंपनी ने काफी बारीकी से काम किया है.

इसके बैंगनी, हरे और लाल रंग वाले वेरिएंट के पिछले हिस्से पर खास तरह की कढ़ाई जैसा टेक्सचर दिया गया है, जो इसे बेहद रॉयल लुक देता है.

वहीं काले और सफेद रंग के मॉडल को एकदम सादा और क्लासी फिनिश के साथ तैयार किया गया है.

कितना है स्टोरेज और रैम?

कंपनी ने ग्राहकों की जरूरत को देखते हुए इस फोन को दो अलग-अलग कैटेगरी और चार मेमोरी वेरिएंट में लाने की तैयारी की है.

स्टैंडर्ड मॉडल में यूजर्स को 12GB रैम के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज का ऑप्शन मिलेगा.

इसके अलावा जो लोग और ज्यादा पावर चाहते हैं, उनके लिए एक खास कलेक्टर एडिशन भी पेश किया जा रहा है. इस स्पेशल एडिशन में 16GB रैम के साथ 512GB और 1TB तक की स्टोरेज दी जा सकती है.

अभी इस फोन के कीमत की जानकारी नहीं मिली है. साथ ही ये कब से मार्केट में आएगा, इसकी भी जानकारी नहीं है.

बड़ी स्क्रीन और प्रीमियम कैमरा डिजाइन की झलक

तस्वीरों को देखने से फोन के बाहरी और भीतरी डिजाइन का साफ अंदाजा हो जाता है. फोन के पीछे की तरफ एक बड़ा गोल कैमरा रिंग दिया गया है, जिसमें चार लेंस के कटआउट, बीच में फ्लैश और XMAGE की ब्रांडिंग नजर आती है.

वहीं सामने की कवर स्क्रीन पर सेल्फी के लिए एक छोटा पंच-होल कैमरा मौजूद है. लीक्स के अनुसार, इस फोन में बाहर की तरफ 6.5 इंच की स्क्रीन और अंदर खोलने पर 8.15 इंच का बड़ा डिस्प्ले मिल सकता है.

ये पिछले मॉडल Mate X7 के मुकाबले थोड़ा बड़ा है, वैसे कुछ रिपोर्ट्स में अंदर की स्क्रीन 8 इंच की होने की बात भी कही जा रही है.

दमदार प्रोसेसर के साथ 6000mAh की बड़ी बैटरी

भले ही कंपनी ने अभी तक इसके अंदर के हार्डवेयर के बारे में कुछ नहीं बताया है, लेकिन टेक्नोलॉजी के जानकारों ने इसके फीचर्स को लेकर कई बड़े दावे किए हैं.

माना जा रहा है कि इस फोन में फोटोग्राफी के लिए 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 50 मेगापिक्सल का ही पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस मिल सकता है.

परफॉर्मेंस के लिए इसमें कंपनी का खुद का Kirin 9050 Pro चिपसेट दिया जा सकता है, जो Mate 90 सीरीज में भी इस्तेमाल हुआ है.

सबसे खास बात इसकी बैटरी को लेकर कही जा रही है, जो 6,000mAh से भी ज्यादा बड़ी हो सकती है.

कलेक्टर एडिशन में मिल सकता है एक अनोखा फीचर

इस बात की भी खूब चर्चा है कि Huawei Mate X8 का कलेक्टर एडिशन कुछ बेहद खास लेकर आ सकता है. एक ताजा जानकारी के मुताबिक, इस महंगे वेरिएंट में कंपनी के एक्सटर्नल कैमरे Ruiying Z10 का सपोर्ट मिल सकता है, जिससे आप प्रोफेशनल लेवल की फोटोग्राफी कर सकते हैं.

वैसे इस फीचर का अभी कोई कनफर्मेशन नहीं है.अब सभी की नजरें 24 नवंबर को होने वाले लॉन्च इवेंट पर टिकी हैं, जहां कंपनी इसकी कीमत और बाकी सभी खूबियों के बारे में डिटेल से जानकारी देगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More