App

'भारत में 97 करोड़ वोटर्स, उन्हें लोकतंत्र न सिखाएं', फिलिबेक के 'वोट चोरी' वाले बयान पर भड़कीं मेलोनी की करीबी; वीजा पर भी उठे सवाल

इटली की सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने इटालियन नेता जियाकोमो फिलिबेक के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्हों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाले बयान को दोहराय था. बर्गामिनी ने कहा कि भारत को लोकतंत्र सिखाने की जरूरत नहीं. इधर, जियाकोमो फिलिबेक पर वीजा उल्लंघन के आरोप भी लग रहे हैं.

'भारत में 97 करोड़ वोटर्स, उन्हें लोकतंत्र न सिखाएं', फिलिबेक के 'वोट चोरी' वाले बयान पर भड़कीं मेलोनी की करीबी; वीजा पर भी उठे सवाल
Image Credit: मेलोनी की करीबी ने जियाकोमो फिलिबेक को दिखाया आईना. (फोटो- एआई)

इटालियन नेता जियाकोमो फिलिबेक ने हाल में ही तेलंगाना में कांग्रेस की एक समिट के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 'वोट चोरी' वाला नारा दोहराया. इटालियन नेता की ओर से भारतीय लोकतंत्र पर की गई टिप्पणी को लेकर इटली की सत्तारूढ़ पार्टी 'फोर्जा इटालिया' की सांसद डेबोरा बर्गामिनी उन्हें आड़े हाथ लिया है. बर्गामिनी ने कहा कि जिस देश में 97 करोड़ मतदाता हों, उसे लोकतंत्र के सिद्धांतों पर यूरोप से उपदेश सुनने की जरूरत नहीं है. बर्गामिनी इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की करीबी बताई जाती हैं. 

दरअसल, हाल में ही इटालियन नेता जियाकोमो फिलिबेक तेलंगाना पहुंचे थे, जहां पर उन्होंने कांग्रेस के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इस दौरान राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाले नारे को दोहराया. इटली के नेता की ओर से भारत की आंतरिक राजनीति पर की गई टिप्पणी पर माहौल गरमा गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनाव हारने का फ्रस्ट्रेशन अब अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत विरोधी बयान देकर निकाल रहे हैं.

मेलोनी की करीबी ने दी नसीहत

डेबोरा बर्गामिनी इटली की 'फोर्जा इटालिया' की नेता हैं और वह वर्तमान में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के गठबंधन का एक हिस्सा हैं. एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बर्गामिनी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के पास अपने खुद के स्थापित राजनीतिक संस्थान और एक स्वतंत्र न्यायपालिका है, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे के अनुरूप आंतरिक विवादों और शिकायतों को सुलझाने में सक्षम है.

पोस्ट में उन्होंने 'कांग्रेस' की तेलंगाना में आयोजित बैठक का जिक्र किया. बर्गामिनी ने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को आरोप लगाने और अपनी दलीलें पेश करने की छूट होती है, लेकिन ऐसे दावों के समर्थन में सबूत होने चाहिए.

'लोकतंत्र पर भारत को न दे उपदेश'

बर्गामिनी ने अपने पोस्ट में कहा कि  एक यूरोपीय होने के नाते, हमें ऐसे देश को लोकतंत्र पर उपदेश देना अनुचित लगता है, जो 970 मिलियन नागरिकों को अपना वोट डालने का अधिकार देता है. भारत के पास अपने खुद के राजनीतिक संस्थान और न्यायपालिका है; किसी भी विवाद या शिकायत का समाधान लोकतंत्र के स्थापित नियमों के अनुसार और उनका सम्मान करते हुए किया जाना चाहिए.

वीजा नियमों का उल्लंघन का आरोप

इटली के पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के सेक्रेटरी जनरल फिलिबेक पर वीजा उल्लंघन के आरोप भी लग रहे हैं. वह ई-वीजा पोर्टल के जरिए आवेदन करके 'कॉफ्रेंस वीजा' पर आए थे. सरकारी सूत्रों का कहना है कि विदेशी नागरिकों को देश की आंतरिक राजनीति में दखल नहीं देना चाहिए, चाहे वे किसी भी तरह के वीजा पर आए हों. ऐसा करना वीजा नियमों का उल्लंघन माना जाता है.

क्या है विवाद?

गौरतलब है कि पूरा विवाद 14 नवंबर का है, जब हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट 2026' में फिलिबेक ने एक टिप्पणी की. उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ एक मंच शेयर किया और संबोधन के दौरान दावा किया कि भारतीय लोकतंत्र 'हमले की चपेट में' है और उसे हाईजैक किया जा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस पार्टी के चुनावी नारे को भी दोहराया.

बीजेपी ने साधा निशाना

इससे पहले रविवार (15 नवंबर) को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत-विरोधी बयान देने के लिए विपक्ष के नेता राहुल गांधी की निंदा की थी. उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश होकर वे देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दुनिया भर से वामपंथी प्रचारकों को आमंत्रित किया था. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मंच का इस्तेमाल भारत-विरोधी विचार व्यक्त करने और वैश्विक समुदाय के सामने भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए किया. (इनपुट- IANS)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More