)
क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के शुरू होने में अब एक साल के कम का समय बाकी है. डेढ़ महीने के बाद वर्ल्ड कप ईयर की शुरुआत हो जाएगी. सभी टीमें इस बड़े इवेंट के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटी हुई हैं. इसी क्रम में भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड में तीन की जगह पांच वनडे मैच खेली. विज्ञापन और ब्रॉडकास्टिंग के नजरिए से पांच मैच जरूर शानदार थे, लेकिन भारतीय टीम के लिए यह आंखें खोल देनी वाली सीरीज थी. भारत ने सीरीज को 3-1 से अपने नाम कर लिया. एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ और मेजबान टीम को एक में जीत मिली.
सीरीज में मिली एक हार इतनी बुरी थी कि उसकी चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी. माउंट माउंगानुई में टीम इंडिया 89 रनों पर सिमट गई थी और न्यूजीलैंड ने 244 रनों से मैच को जीत लिया था. वह सीरीज का चौथा मुकाबला था. इसके बाद पांचवें मैच में फिर बल्लेबाजों ने निराश किया, लेकिन गेंदबाजों ने जीत दिला दी. भारत ने सीरीज को अपने नाम कर लिया. इस जीत के बाद हम पांच पॉइंट्स में सीरीज की पूरी कहानी बता रहे हैं...
लंबे समय से भारतीय वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की जगह को लेकर बहस चल रही है. दोनों ने भारतीय मैदानों और इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन आलोचकों को खामोश कर दिया था. न्यूजीलैंड में भी तूफानी रनों की आस थी, लेकिन दोनों नाकाम रहे. विराट ने चार पारियों में 86 रन बनाए. वह सीरीज में भले ही भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, लेकिन ये रन इतने अधिक नहीं थे कि उनकी आलोचना नहीं की जाए. उन्होंने टीम के लिए सीरीज का इकलौता अर्धशतक भी लगाया था. दूसरी ओर, रोहित शर्मा चार पारियों में सिर्फ 30 रन ही बना पाए और उछाल वाली पिचों पर परेशान दिखे. अब भारत को साउथ अफ्रीका में इसी तरह के मैदान पर मुकाबले खेलने हैं. ऐसे में विराट और रोहित को अपनी तैयारियों को ज्यादा बेहतर करने पर ध्यान देना होगा.
भारतीय टीम में नंबर-4 की लड़ाई लंबे समय से चली आ रही है. युवराज सिंह के बाद इस जगह पर कोई परफेक्ट बल्लेबाज नहीं मिला. अंबाती रायुडू से लेकर ऋतुराज गायकवाड़ और श्रेयस अय्यर तक आजमाए गए हैं. मौजूदा समय में अय्यर इस क्रम पर खेल रहे हैं. उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप में चौथे नंबर पर खेलते हुए रनों की झड़ी लगा दी थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों से वह आउट ऑफ फॉर्म लग रहे हैं. यहां तक कि तेज पिचों पर वह काफी फंस जाते हैं और यही टीम इंडिया के लिए चिंता का कारण है. इस क्रम के दावेदारों में ऋतुराज गायकवाड़ भी हैं, लेकिन उनसे इस सीरीज के आखिरी दो मैचों में ओपनिंग कराई गई. वहां वह फेल हो गए. चौथे क्रम पर ऋतुराज की लड़ाई अय्यर से अभी जारी रहेगी और उन्हें आगे इंतजार करना होगा. अगर अय्यर अगले कुछ वनडे मुकाबलों में बेहतर खेल नहीं दिखा पाते हैं तो ऋतुराज उनकी जगह लेने के लिए तैयार हैं. अय्यर ने इस सीरीज की चार पारियों में 67 रन बनाए हैं.
𝙒.𝙄.𝙉.𝙉.𝙀.𝙍.𝙎 🤩 #TeamIndia make it 2️⃣ out of 2️⃣ series wins so far in New Zealand 🏆👌 #NZvIND https://t.co/G4a496NyFX
— BCCI (@BCCI) November 15, 2026
कप्तान शुभमन गिल ने शुरुआती तीन मैचों में हिस्सा लिया. इस दौरान दो पारियों में वह सिर्फ 37 रन ही बना सके. रोहित, विराट और अय्यर की तरह वह भी तेज पिचों पर इस बार फंसे हुए नजर आए. शुभमन का वनडे रिकॉर्ड शानदार है, लेकिन वह अब तक SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में एक भी शतक वनडे में नहीं लगा पाए हैं. न्यूजीलैंड में आठ मैचों की सात पारियों में 161 रन ही बना पाए हैं. इस दौरान उनका औसत 26.83 रहा है. ऑस्ट्रेलिया में चार पारियों में 19 की औसत से उन्होंने 76 और इंग्लैंड में तीन पारियों में 94 की औसत से 188 रन बनाए हैं. वह साउथ अफ्रीका में अब तक एक भी वनडे नहीं खेले हैं और शायद सीधे वर्ल्ड कप में ही उन्हें मौका मिले. ऐसे में गिल को वहां की पिचों के हिसाब से अपनी तैयारियों को और ज्यादा मजबूत करना होगा.
भारत को अगले साल साउथ अफ्रीका में वर्ल्ड कप खेलना है और वहां की पिचें कुछ न्यूजीलैंड की तरह ही होंगी. न्यूजीलैंड में कंडीशन काफी ज्यादा मुश्किलें पैदा करती हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका की पिचें परेशान करने वाली होती हैं. ऐसे में चार मैचों में बल्लेबाजी को देखकर तो इतना ही कहा जा सकता है कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार नहीं दिख रही है. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को और ज्यादा मेहनत करने की आवश्यकता है. न्यूजीलैंड की पिचों पर इम्तिहान में भारतीय बल्लेबाज नाकाम रहे हैं. इसने फैंस को परेशानी में डाल दिया है.
भारत के लिए सीरीज में एक अच्छी बात हुई है कि बॉलिंग बैकअप तैयार हो गया. आकिब नबी, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज ने अपनी उपयोगिता साबित कर दी है. मोहम्मद सिराज ने तो मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया ही है, लेकिन इन चारों ने काफी ज्यादा प्रभावित किया है. जसप्रीत बुमराह और सिराज के कंधों पर बोझ कम होगी. अगर ये चारों गेंदबाज इसी तरह प्रभावित करना जारी रखते हैं, तो साउथ अफ्रीका में वर्ल्ड कप से पहले भारतीय कोच के लिए काम इस मायने में मुश्किल होने वाला है कि वह उस बड़े टूर्नामेंट के लिए किसे चुनें. यहां तक कि प्रसिद्ध कृष्णा भी लाइन में हैं और भुवनेश्वर कुमार भी दावा ठोक सकते हैं. ऐसे में इतने सारे ऑप्शन टीम के लिए बेहतर है.