)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने रविवार (15 नवंबर) को 2035 तक होने वाले पुरुष और महिला क्रिकेट के बड़े टूर्नामेंट के मेजबानों का एलान कर दिया. इंडोनेशिया के बाली में आईसीसी की बोर्ड मीटिंग के दौरान यह फैसला हुआ कि भारत 2029 में मेंस चैंपियस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा. इसके अलावा वह 2031 में बांग्लादेश के साथ वनडे वर्ल्ड कप के मैचों का भी आयोजन करेगा. इसके अलावा आईसीसी ने यह भी बताया कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए क्रिकेट क्वालिफिकेशन इवेंट्स अमेरिका और बांग्लादेश में होंगे. अमेरिका की धरती पर 2028 में 5 से 13 फरवरी तक मेंस ओलंपिक क्वालिफायर और उसी साल बांग्लादेश में 25 फरवरी से 5 मार्च तक विमेंस ओलंपिक क्वालिफायर का आयोजन होगा.
आईसीसी बोर्ड ने 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले मेन्स टी20 वर्ल्ड कप से लेकर 2035 में होने वाले मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप तक के बड़े मेन्स इवेंट्स के लिए विंडो को मंजूरी दे दी है. इस कैलेंडर में मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के चार संस्करण, दो वनडे वर्ल्ड कप, तीन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और दो चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट शामिल हैं. 2029 मेन्स चैंपियंस ट्रॉफी भारत में 9 से 28 अक्टूबर तक होगी. भारत और बांग्लादेश मिलकर 2031 मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप को 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित करेंगे. इंग्लैंड 2029 और 2031 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करेगा. यह क्रमश: 8-12 जून और 12-16 जून को होगा.
मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2030 का आयोजन यूके में होगा. इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की संयुक्त मेजबानी में यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक होगा. टूर्नामेंट के 2032 और 2034 संस्करण के लिए मेजबान देश के नाम पर अभी मुहर नहीं लगी है. 2033 चैंपियंस ट्रॉफी 2 से 23 अक्तूबर तक चलेगी. वहीं, 2033 और 2035 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल क्रमश: 9-13 जून और 7-11 जून को होगी. इन तीनों बड़े इवेंट के लिए अभी मेजबान के नाम तय नहीं हुए हैं. 2035 तक के कैलेंडर का अंतिम इवेंट 2 अक्टूबर से 18 नवंबर को मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप होगा. इसके मेजबान के नाम की घोषणा बाद में होगी.
हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं...