)
करौली-हिंडौन मार्ग स्थित अंजनी माता मंदिर के पास जंगल में महिला के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और महिलाएं मौके पर पहुंचे. लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जंगल में सर्च अभियान चला रही है. मामले की जानकारी मिलने पर एसपी लोकेश सोनवाल और एएसपी रामकुमार कस्बा भी मौके पर पहुंचे.
सुबह 5:30 बजे जंगल गई थी महिला
एसपी लोकेश सोनवाल के अनुसार, महिला रविवार सुबह करीब 5:30 बजे शौच के लिए जंगल की ओर गई थी. वहां कुछ लोग पहले से शराब पी रहे थे. इसी दौरान महिला के साथ घटना हुई. शुरुआती जांच में एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है. वहीं, दूसरे व्यक्ति पर भी दुष्कर्म के प्रयास या घटना में शामिल होने का संदेह जताया गया है.
महिला ने किया विरोध, चेहरे पर आई चोटें
जानकारी के अनुसार, महिला ने आरोपियों का जबरदस्त विरोध किया. इस दौरान मौके पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं. मारपीट में महिला के चेहरे पर चोटें आई हैं. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.
ड्रोन और डॉग स्क्वॉड से जंगल में तलाश
घटना की सूचना मिलने पर एसपी लोकेश सोनवाल और एएसपी रामकुमार कस्बा घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम और अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली. पुलिस का मानना है कि अन्य आरोपी जंगल में छिपे हो सकते हैं. ऐसे में उनकी तलाश के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है. मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है. दोनों टीमें घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने में लगी हैं. इसके अलावा डीएसपी किशोर भदोरिया, महिला थाना और कोतवाली पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है.
करौली अस्पताल में भर्ती महिला, जांच जारी
घायल महिला को करौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के साथ अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. फिलहाल पुलिस की टीमें जंगल और आसपास के इलाके में सर्च अभियान चला रही हैं.