App

दुबई में सड़क हादसे ने उजाड़े दांदू के 3 परिवार, ट्रोले से टकराई डस्टर कार, किसी की 1 साल की बेटी तो किसी के पीछे छूटे मासूम बच्चे

दुबई में ट्रोले से टकराई डस्टर कार में चूरू के दांदू गांव के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है. हादसे में अम्मीलाल, धर्मपाल और नरेंद्र ने जान गंवाई. तीनों के शव गांव पहुंचने पर अंतिम संस्कार किया गया. हादसे से गांव में मातम पसरा है.

दुबई में सड़क हादसे ने उजाड़े दांदू के 3 परिवार, ट्रोले से टकराई डस्टर कार, किसी की 1 साल की बेटी तो किसी के पीछे छूटे मासूम बच्चे
Image Credit: Dubai Road Accident AI image

दुबई में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने राजस्थान के चूरू जिले के दांदू गांव के तीन परिवारों को उजाड़ दिया. यहां के तीन युवकों की डस्टर कार और ट्रोले की भिड़ंत में मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के समय कार में पांच दोस्त सवार थे. तीन युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया. शनिवार को अम्मीलाल और रविवार को धर्मपाल व नरेंद्र के शव गांव पहुंचे. इसके बाद गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया.

छुट्टी मनाकर लौट रहे थे पांच दोस्त, रास्ते में हुआ हादसा

दुबई में होटल में काम करने वाले दांदू निवासी कृष्ण झाझड़िया के अनुसार, धर्मपाल अपने चार साथियों अम्मीलाल, नरेंद्र, विजेंद्र सिंह और ओमप्रकाश मेघवाल को निजी कार से कैंप लेकर आया था. पांचों ने छुट्टी होने के कारण पूरा दिन साथ बिताया. शाम को धर्मपाल सभी को कंपनी के कमरे पर छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान दुबई के जबजा क्षेत्र में एक मोड़ पर उनकी डस्टर कार ट्रोले से टकरा गई. हादसे में अम्मीलाल, नरेंद्र और धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई. विजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ओमप्रकाश की जान बच गई. घायल विजेंद्र का अस्पताल में इलाज जारी है.

कोई 5 दिन पहले तो कोई 11 साल पहले गया था दुबई

हादसे का शिकार हुए युवकों में कुछ पहली बार रोजगार के लिए दुबई गए थे. अम्मीलाल करीब सात महीने पहले वहां पहुंचा था और एक कंपनी में मजदूरी करता था. नरेंद्र 24 अक्टूबर को दुबई गया था. हादसे से करीब पांच दिन पहले ही वह वहां पहुंचा था. वहीं धर्मपाल पिछले 11 साल से दुबई की अजीजी कंपनी में बस चालक था. विजेंद्र छह महीने पहले ट्रांसगार्ड कंपनी में नौकरी करने गया था.

किसी के पीछे बच्चे तो किसी की पत्नी गर्भवती

इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरा दुख दिया है. अम्मीलाल के 15 साल का बेटा और 12 साल की बेटी है, जो झुंझुनूं में पढ़ाई कर रहे हैं. धर्मपाल अविवाहित था. वहीं नरेंद्र की एक साल की बेटी है और उसकी पत्नी सात महीने की गर्भवती है.

महिलाओं को बाद में दी गई हादसे की जानकारी

परिवार के लोगों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए शुरुआत में महिलाओं को हादसे की जानकारी नहीं दी थी. 12 नवंबर की रात विजेंद्र के बड़े भाई श्रीचंद गांव पहुंचे और परिवार के प्रमुख सदस्यों को घटना के बारे में बताया. शनिवार को अम्मीलाल का शव गांव पहुंचने पर महिलाओं को भी जानकारी दी गई. रविवार को धर्मपाल और नरेंद्र के शव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम विदाई देने पहुंचे. एक साथ तीन युवकों की मौत से दांदू गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों के मुताबिक, अम्मीलाल, विजेंद्र और धर्मपाल के सिर से पहले ही पिता का साया उठ चुका था.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More