)
दिलीप चौधरी/जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले के रेनवाल में चोरी का एक दिलचस्प मामला सामने आया है. यहां एक ज्वेलर्स की दुकान से चांदी की चूड़ियां चोरी करने वाली महिला ने सोशल मीडिया पर दुकानदार की अपील देखने के बाद गहने वापस लौटा दिए. इतना ही नहीं, महिला ने दुकानदार के सामने उठक-बैठक लगाकर अपनी गलती की माफी भी मांग ली. अब चोरी और फिर माफी मांगने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, रेनवाल में एक ज्वेलर्स की दुकान पर महिला ग्राहक बनकर पहुंची थी. इसी दौरान उसने मौका पाकर दुकान से चांदी की चूड़ियां चोरी कर लीं. चोरी की ये पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. इसके बाद दुकानदार ने CCTV फुटेज के आधार पर महिला से गहने लौटाने की अपील की. बस फिर क्या था दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला को अल्टीमेटम दे दिया.
दुकानदार ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए महिला को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया और चांदी की चूड़ियां वापस लौटाने की अपील की. दुकानदार की इस अपील का असर भी हुआ और महिला दुकान पर चोरी किया हुआ सामान लेकर पहुंच गई. महिला ने चोरी की गई चांदी की चूड़ियां वापस कर दीं.
गहने लौटाने के बाद महिला ने दुकानदार के सामने उठक-बैठक लगाकर माफी मांगी. चोरी के बाद महिला का इस तरह वापस आना और माफी मांगने का वीडियो अब चर्चा में है. चोरी के बाद सामान की वापसी और माफी मांगने से जुड़ा यह घटनाक्रम और वीडियो स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है.