App

जीतते ही सांवरिया सेठ को सौंप दी सरपंच की कुर्सी: 5 साल भगवान चलाएंगे ग्राम पंचायत!

झालावाड़ के पारा पीपली ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच ईश्वरलाल ने अपनी कुर्सी सांवरिया सेठ को समर्पित कर दी. अगले पांच साल तक सरपंच की कुर्सी पर भगवान की प्रतिमा और चरण पादुकाएं विराजमान रहेंगी. ईश्वरलाल ने 477 वोटों से जीत दर्ज की थी. अब वे जमीन पर बैठकर पंचायत का कामकाज संभालेंगे और हर फैसले में भगवान को साक्षी मानेंगे.

जीतते ही सांवरिया सेठ को सौंप दी सरपंच की कुर्सी: 5 साल भगवान चलाएंगे ग्राम पंचायत!
Image Credit: नवनिर्वाचित सरपंच ईश्वरलाल

राजस्थान के झालावाड़ जिले की गंगधार उपखंड की पारा पीपली ग्राम पंचायत में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला है, जिसने जिले में हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सरपंच चुनाव में जीत हासिल करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच ईश्वरलाल ने अपनी सरपंच की कुर्सी सांवरिया सेठ को समर्पित कर दी.

पांच साल तक कुर्सी पर विराजेंगे सांवरिया सेठ
अब अगले पांच साल तक ग्राम पंचायत में सरपंच की कुर्सी पर सांवरिया सेठ की प्रतिमा और उनकी चरण पादुकाएं विराजमान रहेंगी, जबकि ईश्वरलाल इसी आस्था के साथ पंचायत का कामकाज संभालेंगे.

चुनाव से पहले मांगी थी अनोखी मन्नत
नवनिर्वाचित सरपंच ईश्वरलाल की सांवरिया सेठ के प्रति गहरी श्रद्धा है. सरपंच ईश्वरलाल ने बताया कि चुनाव से पहले ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने पारा पीपली ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ा था. इस दौरान उन्होंने सांवरिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी थी, कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो पूरे पांच साल सरपंच की कुर्सी सांवरिया सेठ और उनकी चरण पादुकाओं को समर्पित रखेंगे. साथ ही पंचायत से जुड़े कार्य और फैसले लेते समय भगवान को सर्वोपरि मानेंगे.

जमीन पर बैठकर संभाला पंचायत का कामकाज
चुनाव में जीत मिलने के बाद उन्होंने अपनी मन्नत के अनुसार, यह अनूठा कदम उठाया. उन्होंने बताया कि आज ग्राम पंचायत कार्यालय में उन्होंने विधिवत पूजन कर जमीन के फर्श पर बैठकर कामकाज संभाला है. वह लगातार ईश्वर को साक्षी मानकर अपने ग्राम पंचायत में विकास से जुड़े हुए फैसले लेंगे.

477 वोटों से दर्ज की शानदार जीत
गौरतलब है कि पारापीपली ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था. चुनाव परिणाम में ईश्वरलाल को 947 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रवण सिंह को 470 वोट प्राप्त हुए. इस तरह ईश्वरलाल ने 477 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें विजेता घोषित किया.

छह गांवों की जिम्मेदारी संभालेंगे ईश्वरलाल
पारा पीपली ग्राम पंचायत के अंतर्गत मुंडला, बनखेड़ी, छप्पिया, सेमली गेहलोत, मकोड़िया और भड़का गांव आते हैं. पंचायत में कुल 2,950 मतदाता हैं. ऐसे में छह गांवों की जिम्मेदारी संभालने वाले सरपंच का अपनी कुर्सी भगवान को समर्पित करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है.

बिजनेस पार्टनर के बाद अब बने पंचायत के मुखिया!
ईश्वरलाल का यह कदम जहां उनकी धार्मिक आस्था और मन्नत के प्रति समर्पण को दर्शाता है. वहीं, ग्रामीणों के बीच भी यह अनोखा घटनाक्रम आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. गौरतलब है कि चित्तौड़ जिले के मंडफिया में सांवरिया सेठ को व्यापारी बिजनेस पार्टनर बनाते आए हैं. ऐसे में सांवरिया सेठ के इस अनोखे भक्तों ने अब सांवरिया सेठ को सरपंच की कुर्सी सौंप दी है.  

Report-Mahesh Parihar 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More