App

देश की पहली MBA सरपंच फिर मैदान में: जानिए छवि राजावत की कहानी

देश की पहली MBA महिला सरपंच के रूप में पहचान बनाने वाली छवि राजावत एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरने जा रही हैं. वे टोंक जिले की सोडा ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ेंगी. छवि राजावत 2010 से 2020 तक लगातार 10 साल सरपंच रह चुकी हैं.

देश की पहली MBA सरपंच  फिर मैदान में: जानिए छवि राजावत की कहानी
Image Credit: क्या फिर बनेगी MBA सरपंच?

राजस्थान पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में 5 नवंबर को होने वाले सरपंच पद के चुनाव को लेकर मालपुरा उपखंड क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. ग्राम पंचायत सोडा में इस बार एक बार फिर देश की पहली एमबीए महिला सरपंच के रूप में पहचान बना चुकीं छवि राजावत चुनावी मैदान में उतरने जा रही हैं.

10 साल तक संभाली सरपंच की जिम्मेदारी 
छवि राजावत साल 2010 से 2020 तक लगातार 10 वर्षों तक सोडा ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी हैं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गांव के विकास और व्यवस्थाओं में कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिससे सोडा गांव को नई पहचान मिली.

तालाब खुदाई से लेकर बैंक खुलवाने तक किए काम 
पूर्व सरपंच कार्यकाल में छवि राजावत ने अपने परिवार, हिंदुस्तान कोका-कोला कंपनी और अन्य सहयोग से गांव के सार्वजनिक तालाब की खुदाई का कार्य करवाया. इसके साथ ही गांव में कचरा निस्तारण संयंत्र की स्थापना और ग्रामीणों की सुविधा के लिए एसबीआई बैंक खुलवाने जैसे कार्य भी किए गए.

अमेरिका में गरीबी पर दिया था व्याख्यान 
छवि राजावत की पहचान केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रही. साल 2011 में अमेरिका में गरीबी विषय पर व्याख्यान देने वाली वे भारत की चर्चित महिला सरपंचों में शामिल रहीं और अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के शिकागो में आयोजित एक कार्यक्रम में भी सहभागिता कर चुकी हैं.

सैन्य परिवार से रखती हैं ताल्लुक 
छवि राजावत सैन्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं. वे महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर रघुवीर सिंह की पोती और नरेंद्र सिंह की पुत्री हैं. अब एक बार फिर ग्रामीणों की मांग पर छवि राजावत ने सोडा ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है. बताया जा रहा है कि वे 4 नवंबर को नामांकन दाखिल करेंगी, जबकि 5 नवंबर को मतदान होगा.

अब सबकी निगाहें सोडा पंचायत के चुनाव परिणाम पर टिकी हैं कि विकास कार्यों के आधार पर ग्रामीण एक बार फिर छवि राजावत पर कितना भरोसा जताते हैं.

बता दें कि राजस्थान पंचायत राज चुनाव 2026 चार चरणों में कराए जा रहे हैं, जिसमें जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव शामिल हैं. सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान अलग-अलग चरणों में होगा. तीसरे चरण में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी.छवि राजावत के चुनाव की बात करें तो सोडा ग्राम पंचायत में 4 नवंबर को नामांकन और 5 नवंबर को मतदान होगा. यह तीसरे चरण का चुनाव है. 

Report-Bhupender Singh Solanki

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More