)
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक प्राइवेट क्लिनिक के अंदर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स के मोबाइल फोन में अचानक जोरदार धमाका हुआ और फिर आग लग गई. दृष्टि आई केयर क्लीनिक में डॉक्टर को दिखाने पहुंचा एक मरीज वेटिंग एरिया में बैठकर फोन चला रहा था. इसके बाद फोन में अचानक ब्लास्ट हुआ और धुआं निकलने लगा. ब्लास्ट होते ही मोबाइल में तेज लपटें उठने लगीं, जिससे क्लीनिक में मौजूद मरीजों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
गनीमत यह रही कि पास में ही खेल रहे बच्चे और मरीज इस हादसे की चपेट में आने से बच गए. घटना के तुरंत बाद क्लीनिक के कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
घटना ग्वालियर के दृष्टि स्किन एवं चाइल्ड क्लिनिक की है, जहां डॉक्टर आशुतोष शर्मा को दिखाने के लिए एक मरीज अपने छोटे बच्चे के साथ पहुंचा था. क्लिनिक पहुंचने के बाद मरीज ने काउंटर पर पर्ची दी और फिर वेटिंग एरिया में लगे सोफे पर बैठ गया और बैठकर अपना फोन चलाने लगा. इसी दौरान अचानक फोन में ब्लास्ट हुआ और धुआं निकला. धुआं निकलने के कुछ सेकेंड में आग की लपटें उठने लगीं.
फोन में ब्लास्ट के बाद जब धुआं निकला, तब शख्स ने जल्दी में अपना फोन फेंक दिया. हालांकि, फोन सोफे के ऊपर था, फिर तुरंत शख्स ने फोन को सोफे से नीचे गिरा दिया और उसमें आग की लपटें उठने लगी. इसके बाद क्लिनिक के बाहर मौजूद स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पानी डालकर आग बुझा दी. घटना के समय पास में एक बच्चा खेल रहा था. दूसरी तरफ एक महिला बच्चे को गोद में लिए बैठी थी.
ग्वालियर के एक दृष्टि क्लीनिक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज का मोबाइल अचानक फट गया। मोबाइल में ब्लास्ट होते ही आग की लपटें उठने लगीं और क्लीनिक परिसर में धुआं फैल गया। धमाके की आवाज सुनकर वहां मौजूद मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। #Gwalior #Clinic #MobileBlast #ViralVideo | #ZeeNews
— Zee News (@ZeeNews) November 2, 2026
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर हलचल मच गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई. अगर समय रहते शख्स ने फोन को नीचे नहीं फेंका होता और फिर स्टाफ ने आग नहीं बुझाई होती तो क्लिनिक में बड़ा हादसा हो सकता था.
फोन में ब्लास्ट होने और आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि क्या आपके जेब में फोन के रूप में एक बम रखा है? हालांकि, इसको लेकर एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह की ज्यादातर घटनाएं मोबाइल फोन की बैटरी में खराबी या ओवरहीटिंग की वजह से होती है. कई बार लोकल एक्सेसरीज, चार्जर या अन्य प्रोडक्ट के इस्तेमाल से भी ऐसी घटना हो सकती है, इसलिए हमेशा ऑरिजिनल चार्जर का इस्तेमाल करें. (इनपुट- करतार सिंह राजपूत)