)
यूपी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन में सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है. कांग्रेस जहां बराबरी की बात कहकर यूपी की 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है, तो वहीं सपा उसे 70 से अधिक सीटें देने को तैयार नहीं है. सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का मामला अभी सुलझा भी नहीं था, इसी बीच इंडिया गठबंधन में शामिल अपना दल कमेरावादी ने भी 60 सीटों पर दावा ठोंक दिया है. कौशांबी के सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने कहा है कि अपना दल कमेरावादी ने अपनी क्षमता के अनुसार पूर्वांचल और बुंदेलखंड के 13 मंडलों की 60 सीटों पर तैयारी कर रहा है. पल्लवी पटेल ने कहा कि हमारी पार्टी ने इन 60 सीटों पर प्रत्येक बूथ पर 10 यूथ के फार्मूले के आधार पर तैयारी कर रही है.
पल्लवी पटेल के इस बड़े दावे के बाद माना जा रहा है कि विधानसभा 2027 के चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग को लेकर विवाद गहरा सकता है. पहले से ही दो प्रमुख दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर तल्खी भरे बयान आ रहे हैं. इसी बीच पल्लवी पटेल की दावेदारी और तैयारी ने इंडिया गठबंधन की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. पल्लवी पटेल का कहना है कि समान विचारधारा के लोग जो व्यवस्था में परिवर्तन चाहते हैं, वह एक साथ आकर चुनाव लड़ेंगे.
हालांकि अपना दल कमेरावादी कितने सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सहमत हो जाएगी, यह पल्लवी पटेल ने साफ नहीं किया. उन्होंने यह कहा कि हमारी तैयारी 60 विधानसभा सीटों पर है, जो लोग भी चाहते हैं कि व्यवस्था परिवर्तन हो वह सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे. पल्लवी पटेल ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में इस बात से भी पर्दा उठ जाएगा कि 2027 में होने वाले यूपी के विधानसभा चुनाव में उनकी क्या भूमिका रहने वाली है.
बता दें कि बुंदेलखंड और पूर्वांचल में पटेल मतदाताओं की संख्या काफी महत्वपूर्ण है. कहा जाता है कि पूर्वांचल और बुंदेलखंड में पटेल मतदाता एक साथ जिस भी दल या प्रत्याशी के साथ चले जाते हैं, उसका विधायक उस क्षेत्र से चुन लिया जाता है. ऐसे में पल्लवी पटेल की भूमिका 2027 के विधानसभा चुनाव में काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है. देखना होगा कि इंडिया गठबंधन में पल्लवी पटेल की क्या कुछ भूमिका रहती है. सीट शेयरिंग पर जो दावेदारी उन्होंने किए हैं, उनमें उन्हें कितनी हिस्सेदारी मिलती है या फिर लोकसभा 2024 के चुनाव की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पल्लवी पटेल इंडिया गठबंधन से अलग होकर चुनावी मैदान में उतरती हैं.
(प्रयागराज से मोहम्मद गुफरान की रिपोर्ट)