)
भारतीय टीम इस समय न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज की तैयारी कर रही है.4 नवंबर को पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा. इस सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच 15 तारीख को खेला जाएगा. उसके बाद टीम इंडिया दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उतरेगी. न्यूजीलैंड से आने के बाद घरेलू मैदान पर श्रीलंका का सामना करना है. लंकाई टीम तीन वनडे और तीन टी20 मैच के लिए भारत दौरे पर आएगी. पहला वनडे मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला है.
भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली का उनके घरेलू मैदान पर फैंस को इंतजार है, लेकिन अब लग रहा है इसमें खलल पड़ने वाली है. दरअसल, अरुण जेटली स्टेडियम के आउटफील्ड के चल रहे रीडेवलपमेंट का काम चल रहा है. इसे खत्म होने में लगभग चार महीने का वक्त लग सकता है. इस मैदान पर आईपीएल 2027 से पहले किसी भी मैच के होने की संभावना नहीं लग रही है. ऐसे में भारत-श्रीलंका के बीच पहला वनडे भी कहीं और शिफ्ट हो सकता है.
स्टेडियम में क्यों हो रहा काम?
मार्च में जब मैचों की घोषणा हुई थी, तब यह मैदान भारत के शेड्यूल में शामिल था. हालांकि, अभी जिस तरीके से मैदान पर काम चल रहा है, उसे देखते हुए लग रहा है कि स्टेडियम अगले महीने मुकाबले के लिए शायद ही तैयार हो सके. दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) मौजूदा आउटफील्ड को रेत वाली सतह से बदल रहा है. इस अपग्रेड का मकसद ड्रेनेज को बेहतर बनाना है. इससे बारिश के बाद मैदान जल्दी ठीक हो सके और मैदान पर पानी जमा होने की संभावना कम हो.
आउटफील्ड में बदलाव के बाद क्या फायदा होंगे?
'द हिंदू' की रिपोर्ट के अनुसार, काम पूरा होने में लगभग चार महीने लगेंगे. रेत वाली आउटफील्ड के ड्रेनेज के फायदों की ओर इशारा किया गया है. यह मुल्लांपुर और लखनऊ जैसी जगहों पर पहले से ही इस्तेमाल हो रही हैं. आउटफील्ड पर नई सतह से बारिश के दौरान पूरे मैदान को ढकने की आवश्यकता भी कम होगी. अगर दिल्ली में मैच नहीं होता है तो विराट को अपने होमग्राउंड पर खेलने का मौका नहीं मिल पाएगा. विराट ने 2023 वर्ल्ड कप के बाद से इस मैदान पर एक भी वनडे मैच नहीं खेला है. भारतीय टीम यहां पिछली बार 11 अक्टूबर 2023 को खेलेगी. उस मैच में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया था.
बीसीसीआई ने किया था इनकार
बीसीसीआई ने पिछले ही महीने दिल्ली में होने वाले मैच को शिफ्ट किए जाने से मना कर दिया. मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि यह मैच अहमदाबाद में शिफ्ट किया जा सकता है. बोर्ड के सचिव देवाजीत सैकिया ने रिपोर्टों को खारिज किया था. अब देखना है कि यह मैच दिल्ली में हो पाता या नहीं.