App

राइजिंग स्टार्स एशिया कप: वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा की जोड़ी मचाएगी धमाल, तिलक वर्मा कप्तान; इंडिया 'ए' टीम घोषित

बीसीसीआई ने कतर में होने वाले राइजिंग स्टार्स एशियन कप के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान कर दिया है. इसमें वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा, रिंकू सिंह और रजत पाटीदार जैसे स्टार खिलाड़ियों का चयन हुआ है.

राइजिंग स्टार्स एशिया कप: वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा की जोड़ी मचाएगी धमाल, तिलक वर्मा कप्तान; इंडिया 'ए' टीम घोषित
Image Credit: वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा. BCCI

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार (2 नवंबर) को राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए टीम घोषित कर दी है. तिलक वर्मा को कप्तान नियुक्त किया गया है और इस दल में 16 खिलाड़ियों को जगह दी गई है. यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक दोहा, कतर में आयोजित किया जाएगा. 15 साल के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ-साथ भारतीय टीम के आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा का भी चयन हुआ है. दोनों ने हाल ही में न्यूजीलैंड में टी20 मैच के दौरान तूफानी बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया था.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को दो बार आईपीएल में चैंपियन बनाने वाले कप्तान रजत पाटीदार का भी टीम में चयन हुआ है. वह इंडिया 'ए' टीम के उपकप्तान बने हैं. पाटीदार लंबे समय से भारतीय टीम में नहीं आए हैं और उनके पास जगह बनाने का यह सुनहरा मौका है. कुमार कुशाग्र और प्रभसिमरन सिंह के रूप में दो विकेटकीपर टीम में रखे गए हैं. प्रभसिमरन आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए ओपनिंग करते हैं, लेकिन वैभव और अभिषेक के रहते हुए यहां उन्हें इस स्थान पर बल्लेबाजी शायद ही मिलेगी. बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह भी चुने गए हैं. उनके ऊपर मध्यक्रम को संभालने की जिम्मेदारी होगी.

 

50 ओवरों के फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट

पिछले साल यह टूर्नामेंट दोहा में टी20 फॉर्मेट में खेला गया था. तब पाकिस्तान ने फाइनल में बांग्लादेश को हराया था. उस टूर्नामेंट में वैभव, सूर्यांश शेडगे और हर्ष दुबे खेले थे. तीनों इस बार भी टीम में चुने गए हैं. इस बार यह टूर्नामेंट 50 ओवरों के फॉर्मेट में खेला जाएगा. चोटों से परेशान हर्षित राणा का भी चयन हुआ है और उन्हें सीनियर टीम में वापसी के लिए यहां शानदार प्रदर्शन करना होगा. अरशद खान और प्रिंस यादव उनके साथ तेज गेंदबाज हैं. स्पिन विभाग में हर्ष दुबे के अलावा शाहबाज अहमद, विप्रज निगम और तनुश कोटियन चुने गए हैं.

भारत के ग्रुप में कौन-कौन?

इंडिया 'ए' को यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE), नेपाल और पाकिस्तान A के साथ ग्रुप बी में रखा गया है. ग्रुप ए में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए और हांगकांग ए शामिल है. हर ग्रुप से टॉप दो टीमें 26 और 27 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. फाइनल रविवार (29 नवंबर) को होगा.

राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए टीम

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More