App

खतरे में वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड: विराट कोहली और रोहित शर्मा बना सकते हैं नया कीर्तिमान, अय्यर-गिल भी रेस में शामिल

भारतीय टीम वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को और ज्यादा मजबूत करने के लिए न्यूजीलैंड में पांच मैचों की सीरीज खेलने वाली है. रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और केएल राहुल की मौजूदगी में यह सीरीज काफी रोचक रहने वाली है.

खतरे में वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड: विराट कोहली और रोहित शर्मा बना सकते हैं नया कीर्तिमान, अय्यर-गिल भी रेस में शामिल
Image Credit: भारत बनाम न्यूजीलैंड. BCCI/AP

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को होगी. ऑकलैंड के ईडेन पार्क में पहला मुकाबला खेला जाएगा. भारतीय टीम टी20 सीरीज जीतने के बाद पांच वनडे में चुनौती पेश करेगी. इसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे सुपरस्टार खिलाड़ियों को मैदान पर फैंस खेलते हुए देख पाएंगे. रोहित और कोहली टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं. वहीं, राहुल का चयन इस छोटे फॉर्मेट के लिए फिलहाल टीम में नहीं हो रहा है. अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है. यहां की पिचों पर खिलाड़ियों की अग्निपरीक्षा होने वाली है.

बल्लेबाजों के रिकॉर्ड की बात करें तो ऑकलैंड में पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं.उन्होंने तीन मैचों में 152 रन ठोके हैं. उनके इस रिकॉर्ड पर श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल की नजर है. श्रेयस ने यहां दो मैचों में 132 रन बनाए हैं और उन्हें सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 21 रन चाहिए. रोहित ने तीन मैचों में 98, कोहली ने तीन मैचों में 59 रन बनाए. शुभमन गिल ने एक मैच में 50 रन बनाए हैं.

ऑकलैंड में सबसे सफल भारतीय बॉलर

ऑकलैंड में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने झटके हैं. उन्होंने यहां चार वनडे में 12 विकेट अपने नाम किए. मोहम्मद शमी के दो मैचों में पांच विकेट हैं. मौजूदा टीम में शामिल तेज गेंदबाजों में सिर्फ अर्शदीप सिंह के पास यहां मैच खेलने का अनुभव है. उन्होंने 2022 में 8.1 ओवरों में 68 रन लुटाए थे.

हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड ने अब तक 123 मैच आपस में खेले हैं. इस दौरान टीम इंडिया 63 मैचों में जीती है और न्यूजीलैंड ने 52 मुकाबले अपने नाम किए हैं. एक मैच टाई रहा है और सात में कोई नतीजा नहीं निकला. न्यूजीलैंड में टीम इंडिया ने 45 मैचों में 14 जीते हैं. उसे 26 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. एक मुकाबला टाई रहा और चार में कोई नतीजा नहीं निकला.

ऑकलैंड में 4 साल बाद वनडे खेलेगा भारत

भारत ऑकलैंड में 2022 के बाद कोई वनडे खेलने वाला है. उसे पिछली जीत जिम्बाब्वे के खिलाफ 2015 में यहां मिली थी. न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे 2003 के बाद कोई जीत हासिल नहीं हुई है. उसके बाद से दोनों टीमों के बीच कुल चार मैच खेले गए हैं और न्यूजीलैंड ने तीन में सफलता हासिल की है. एक मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ था.

ऑकलैंड में भारत के वनडे मैच

1976- न्यूजीलैंड 80 रन से जीता
1981- न्यूजीलैंड 81 रन से जीता
1994- भारत 7 विकेट से जीता
1999- भारत 5 विकेट से जीता
2002- न्यूजीलैंड 5 विकेटसे जीता
2003- भारत 1 विकेट से जीता
2009- न्यूजीलैड 8 विकेट से जीता
2014- भारत-न्यूजीलैंड के बीच मैच टाई
2015- भारत ने जिम्बाब्वे को 6 विकेट से हराया
2020- न्यूजीलैंड 22 रन से जीता
2022- न्यूजीलैंड 7 विकेट से जीता

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More