App

एक मैच में धमाका... अगले चार मैचों में फ्लॉप, टीम इंडिया के लिए कमजोर कड़ी बने संजू, क्या अब वैभव को परमानेंट ओपनर बनाने की बारी?

न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में संजू सैमसन का बल्ला खामोश रहा है. 107 रन बनाने वाले संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में जगह पर सवाल उठने लगे हैं.

एक मैच में धमाका... अगले चार मैचों में फ्लॉप, टीम इंडिया के लिए कमजोर कड़ी बने संजू, क्या अब वैभव को परमानेंट ओपनर बनाने की बारी?
Image Credit: Vaibhav Sooryavanshi And Sanju Samson

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में संजू सैमसन का प्रदर्शन बहुत साधारण रहा है. इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच को छोड़ दें तो यह विकेटकीपर बल्लेबाज कुछ भी खास नहीं कर पाया है. संजू सैमसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी पांचों टी20 इंटरनेशनल मैचों में खेलने का मौका मिला और उन्होंने 21.40 की खराब औसत से केवल 107 रन ही बनाए हैं. संजू सैमसन इस पूरी T20I सीरीज में केवल एक ही अर्धशतक जड़ पाए हैं. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में 67, 14, 18, 4 और 4 रन के स्कोर बनाए हैं.

संजू सैमसन की बल्लेबाजी में हमेशा से ही यह समस्या रही है कि वह एक मैच में तो धमाका करते हैं और अगले 4 से 5 मैचों में बुरी तरह फ्लॉप हो जाते हैं. ऐसे में प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि भारत की टी20 इंटरनेशनल टीम में ओपनिंग पोजीशन के लिए कॉम्पिटीशन जबरदस्त है. वैभव सूर्यवंशी लगातार संजू सैमसन को चैलेंज दे रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन के मुकाबले बहुत कम मौके मिले हैं.

वैभव सूर्यवंशी को मिल रहे बहुत कम मौके

वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला भी तब, जब ईशान किशन चोटिल हो गए. वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल दो T20I मैच ही खेले थे. क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन की जगह नंबर-3 बल्लेबाजी पोजीशन पर भेजा गया, लेकिन वह 4 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग की और संजू सैमसन नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे.

टीम इंडिया के लिए कमजोर कड़ी बने संजू

वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 19 गेंद पर 45 रन ठोक दिए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. इसके बाद जब चौथे और पांचवें टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में ईशान किशन की वापसी हुई तो वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर से बाहर कर दिया गया. न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी के दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में संजू सैमसन ने ओपनिंग करते हुए कुल 8 रन ही बनाए. अगर संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलता तो कहानी अलग ही होती.

क्या अब वैभव को परमानेंट ओपनर बनाने की बारी?

अब वक्त आ गया है कि संजू सैमसन को T20I टीम की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ नियमित तौर पर भारत के लिए पारी की शुरुआत करने का मौका दिया जाए. साल 2015 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले संजू सैमसन ने भारत के लिए अभी तक 82 T20I मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 158.24 की स्ट्राइक रेट और 26.69 की औसत के साथ कुल 1842 रन बनाए हैं.

संजू सैमसन ने इस दौरान 3 शतक और 11 अर्धशतक ठोके हैं. संजू सैमसन का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हाइएस्ट स्कोर 111 रन है. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अभी तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 108 छक्के उड़ाए हैं. वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक भारत के लिए 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2 अर्धशतकों की मदद से 295 रन बनाए हैं, जिसमें उनका हाइएस्ट स्कोर 81 रन है. वैभव सूर्यवंशी ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 22 छक्के जमाए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More