)
उत्तराखंड के राज्यकर्मचारियों के लिए खुशखबरी है. धामी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दे दिया है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों को 30 दिन के तदर्थ बोनस की मंजूरी दे दी है. सीएम धामी के इस फैसले से राज्य के अराजपत्रित कर्मचारियों को अधिकतम ₹7,000 का तदर्थ बोनस मिलेगा. वहीं, समूह 'ग', 'घ' और पात्र समूह 'ख' के कर्मचारियों सहित दैनिक वेतनभोगी कार्मिकों को भी लाभ मिलेगा.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सोमवार को वित्त सचिव डॉ. वी षणमुगम ने बोनस संबंधी आदेश जारी कर दिया. इसके मुताबिक, 4800 रुपये ग्रेड पे तक के उन कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा, जो 31 मार्च 2026 तक न्यूनतम 6 माह की सेवाएं पूरी कर हैं. वहीं, अगर किसी कर्मचारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई हो या निलंबन की कार्रवाई हो, ऐसे कर्मचारी इसका लाभ नहीं उठा पाएंगे. उन्हें निराश होना पड़ेगा. उनकी दीपावली फीकी रहेगी.
हमारी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य के पात्र अराजपत्रित कर्मचारियों को उत्पादकता असंबद्ध बोनस (तदर्थ बोनस) देने की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से राज्य सरकार के समूह 'ग' एवं 'घ' तथा निर्धारित वेतनमान तक के समूह 'ख' के अराजपत्रित कर्मचारियों के साथ-साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। निर्धारित शर्तों के अनुरूप पात्र कैजुअल एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भी इसके दायरे में शामिल होंगे। राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के संरक्षण, उनके कल्याण एवं प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 2, 2026
वित्त सचिव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अराजपत्रित स्थायी और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को 1184 रुपये से 7 हजार रुपये तक बोनस दिया जाएगा. सीएम धामी के इस फैसले से उत्तराखंड के करीब 80 हजार कर्मचारियों का लाभ मिलेगा. वहीं, कई कर्मचारी इसका लाभ नहीं उठा पाएंगे.
सीएम धामी ने अपने पुश्तैनी गांव में एक मॉडल प्राइमरी स्कूल का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि "पहले इसे भारत का आखिरी इलाका माना जाता था. हमारे प्रधानमंत्री ने ऐसे इलाकों को भारत का पहला इलाका बताया है. इसलिए, अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि ऐसे सभी इलाके विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बनें. यह मेरा गांव है, यह मेरा स्कूल है, जहां मैंने अपनी शुरुआती पढ़ाई की. हम लगातार ऐसे बॉर्डर वाले गांवों पर खास ध्यान दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इन सभी इलाकों को भारत का पहला गांव मानकर उनका विकास किया जा रहा है. आज मुझे बहुत खुशी है कि इस बॉर्डर वाले इलाके में कई सुविधाएं बनाई गई हैं. बच्चों के लिए स्मार्ट क्लासरूम बनाए गए हैं. साथ ही दूसरी सुविधाएं भी दी गई हैं. अच्छे क्लासरूम और बेंच समेत बैठने की सही व्यवस्था भी की गई है. मैं सभी बच्चों और गांव वालों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. मुझे उम्मीद है कि हमारे बच्चे यहां पढ़ेंगे, अलग-अलग फील्ड में आगे बढ़ेंगे और इस इलाके और राज्य का नाम रोशन करेंगे."