App

पंचकूला की मासूम के चेहरे पर लौटी मुस्कान, चाचा से वीडियो कॉल पर की बात; PGI से सामने आया नया वीडियो

पंचकूला के स्कूल में हमले में गंभीर रूप से घायल हुई KG की छात्रा की हालत में अब काफी सुधार है. PGI में मां की गोद में मुस्कुराती बच्ची ने वीडियो कॉल पर अपने चाचा से भी बात की.

पंचकूला की मासूम के चेहरे पर लौटी मुस्कान, चाचा से वीडियो कॉल पर की बात; PGI से सामने आया नया वीडियो
Image Credit: पंचकूला की मासूम के चेहरे पर लौटी मुस्कान, चाचा से वीडियो कॉल पर की बात; PGI से सामने आया नया वीडियो

मौत से जिंदगी की जंग लड़ रही पंचकूला की मासूम नन्ही परी के चेहरे पर आखिरकार फिर से मुस्कान लौट आई है. जिस बच्ची के लिए पिछले कई दिनों से देश-विदेश में हजारों हाथ दुआओं के लिए उठ रहे थे, जिसकी सलामती के लिए लोग लगातार प्रार्थनाएं कर रहे थे, उसकी मुस्कुराती हुई तस्वीर और वीडियो सामने आने के बाद हर किसी की आंखों में खुशी और राहत के आंसू हैं. जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद बच्ची को एक बार फिर अपनी मां की गोद में मुस्कुराते देखना किसी चमत्कार से कम नहीं है.

अपने चाचा से वीडियो कॉल पर बच्ची ने की बात
चंडीगढ़ PGI से सामने आए नए वीडियो में बच्ची अपनी मां की गोद में बैठी पहले से काफी बेहतर नजर आ रही है. उसके चेहरे पर लौटी मुस्कान ने उन तमाम लोगों को बड़ी राहत दी है, जो पिछले कई दिनों से उसकी सलामती की दुआ कर रहे थे. सबसे भावुक कर देने वाली बात यह है कि बच्ची ने अपने चाचा फाजिल से वीडियो कॉल पर बातचीत भी की.चाचा को देखते और उनकी बातें सुनते हुए बच्ची मुस्कुराती रही.

हालत में काफी सुधार, पहले से बहुत बेहतर
बच्ची के चाचा फाजिल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अब उसकी हालत में काफी सुधार है और वह पहले से बहुत बेहतर है. फाजिल ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी बच्ची को मानो दोबारा जिंदगी मिली है. वह एक शेरनी है. जिस तरह उसने मौत से लड़कर जिंदगी की जंग जीती है, वह अपने आप में किसी करिश्मे से कम नहीं है. आज उसे फिर से मुस्कुराते और परिजनों से बातचीत करते देखना परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है.

पीजीआई के डायरेक्टर और डॉक्टरों की टीम भी बच्ची का हालचाल जान रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.

होश में आते ही मां को बताई पत्थर से मारने की बात
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बात ऐसी भी है, जिसने परिवार के दिल को अंदर तक झकझोर दिया. चाचा फाजिल के मुताबिक, होश में आने के बाद बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसे पत्थर से मारा गया था. हालांकि, बच्ची की नाजुक मानसिक स्थिति और उसके मन पर पड़े गहरे प्रभाव को देखते हुए परिजनों ने फिलहाल उसे उस घटना को भूलने और किसी तरह का मानसिक तनाव न लेने के लिए समझाया है. परिवार उससे यही कह रहा है कि वह बीमार है और इसी वजह से अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. परिजन चाहते हैं कि बच्ची के चेहरे की यह मुस्कान हमेशा बनी रहे और वह जल्द से जल्द इस भयावह घटना की यादों से बाहर निकल सके.

क्या है पूरा मामला?
28 अक्टूबर को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केजी कक्षा की मासूम छात्रा पर उसी स्कूल में पढ़ने वाले तीसरी कक्षा के एक छात्र ने बेरहमी से हमला कर दिया था. इस हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था.

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. वीडियो इतना विचलित करने वाला था कि उसे देखने वाले हर माता-पिता की आंखों के सामने अपना बच्चा आ जाता था.

पंचकूला या हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से लोगों ने बच्ची के लिए की दुआ
पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही बच्ची के लिए केवल पंचकूला या हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों से भी दुआएं मांगी जा रही थीं. अमेरिका, अरब देशों सहित कई देशों से लोगों ने परिवार से संपर्क कर बच्ची का हालचाल जाना और उसकी सलामती के लिए प्रार्थनाएं कीं. अब बच्ची के चेहरे पर लौटी मुस्कान उन सभी दुआओं के कबूल होने जैसी है.

जल्द होगी घर वापसी, भव्य स्वागत की तैयारी
परिजनों को उम्मीद है कि बच्ची की हालत में इसी तरह सुधार जारी रहा तो जल्द ही उसे पीजीआई से छुट्टी मिल सकती है. परिवार ने उसकी घर वापसी पर भव्य स्वागत करने की तैयारी भी की है. जिस घर में पिछले कई दिनों से चिंता, बेचैनी और खामोशी पसरी हुई थी, वहां अब फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है. परिवार के लिए अब सबसे बड़ी प्राथमिकता बच्ची का पूरी तरह स्वस्थ होना और उसके चेहरे पर हमेशा मुस्कान बनाए रखना है.

लापरवाही पर कार्रवाई जारी, अंतिम चरण में शिक्षा विभाग की जांच
इस मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जेजे एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और चौकीदार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है. हमला करने वाले 8 वर्षीय छात्र पर JJ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. कम उम्र के चलते हमलावर छात्र को अंबाला स्थित ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है.

हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर जांच के लिए कमेटी गठित
हरियाणा मानवाधिकार आयोग और हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है. हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर से गठित कमेटी भी मामले की जांच कर रही है. शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

अब तक स्कूल के प्रिंसिपल और दो शिक्षिक सस्पेंड
अब तक स्कूल के प्रिंसिपल और दो जेबीटी शिक्षिकाओं को सस्पेंड किया जा चुका है. शिक्षा मंत्री के मुताबिक, उच्च अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पूरे देश की निगाहें पीजीआई में उपचाराधीन उस नन्ही परी पर टिकी हैं, जिसने अपने हौसले से जिंदगी की सबसे कठिन लड़ाई लड़ी है. उसकी एक छोटी-सी मुस्कान ने हजारों लोगों के चेहरों पर खुशी लौटा दी है.

अब हर किसी की बस एक ही दुआ है कि यह नन्ही जान पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे और फिर से अपनी मासूम शरारतों से घर-आंगन को गुलजार कर दे.

(दिव्या रानी की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More