)
पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित संस्कृति स्कूल इस वक्त चर्चा में है. यहां केजी की छात्रा से तीसरी के छात्र द्वारा बर्बर मारपीट ने हर किसी को हैरान कर दिया है. मारपीट का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में आ गई है. पुलिस ने स्कूल प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
डीसीपी अदिति सिंह के मुताबिक, पुलिस की प्राथमिक जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही साफ तौर पर उजागर हुई है. डीसीपी अदिति सिंह ने स्पष्ट किया कि घटना के वक्त मौजूद स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों और मैनेजमेंट की जवाबदेही तय की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे.
Panchkula, Haryana: State Human Rights Commission Chairman Justice Lalit Batra and Assistant Registrar Dr Punit Arora inspect the government school following the alleged assault on a KG student. https://t.co/fBhXxUyT4e
— IANS (@ians_india) October 31, 2026
इस घटना ने स्कूल कैंपस में बच्चों की सुरक्षा और स्टाफ द्वारा की जाने वाली निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब क्लासरूम के भीतर यह भयानक वारदात हो रही थी, तब बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक और अन्य अटेंडेंट कहां थे? बच्ची के साथ इतनी देर तक लगातार बर्बरता होती रही, लेकिन स्कूल स्टाफ ने समय रहते दखल क्यों नहीं दिया?
#WATCH पंचकूला(हरियाणा): DCP, पंचकूला, अदिति सिंह ने बताया, "28 अक्टूबर को गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 20 पंचकुला में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई जिसमें एक 8 साल के छात्र ने छह वर्षीय छात्रा के साथ मारपीट की। फिलहाल छात्रा का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ से चल रहा है और वह खतरे के बाहर है। मामले में एक नाबालिग छात्र शामिल है जिसकी उम्र 8 वर्ष है उसके उसके लिए जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रावधानों के अनुरूप उसका एक्सपर्ट से साइकोलॉजिकल इवैल्यूएशन करवाया जा रहा है और उसी के तहत आगे की प्रक्रिया करी जाएगी। पुलिस जांच के दौरान स्कूल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई। हमने जेजे एक्ट और बीएनएस की धाराओं के अंतर्गत उनके खिलाफ एक FIR दर्ज की है।" (सोर्स: पुलिस)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 31, 2026
इस मामले में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई बर्बरता का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाला है. वीडियो में दिख रहा है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 साल के एक छात्र ने केजी में पढ़ने वाली 6 साल की मासूम पर अचानक हमला किया.
वीडियो में दिख रहा है कि सबसे पहले उसने मासूम बच्ची को पकड़कर क्लासरूम की बेंच पर सिर के बल दो बार पटका और फिर उसने बच्ची के बाल पकड़े और उसे बेरहमी से जमीन पर घसीटकर पटक दिया. बच्ची जैसे ही जमीन पर गिरी फिर आरोपी छात्र ने उसके चेहरे और पेट पर ताबड़तोड़ लात-घूंसे मारे. बच्ची ने कुल 19 बार लात-घूंसों के वार झेले.
घायल बच्ची जब दर्द से तड़पते हुए उठने की कोशिश करती है, तो छात्र क्लास के दूसरे कोने से एक ईंट उठा लाया और उसने वो ईंट सीधे बच्ची के चेहरे पर फेंककर मारी और सिर पर लगातार हमला करता रहा. मासूम अपना सिर पकड़कर चीखती और रोती रही.
आरोपी ने बच्ची के बाल पकड़कर उसे दोबारा जमीन पर पटका, उसके पेट पर पैर रखकर दो बार लातें मारीं. वीडियो के आखिर में छात्र ने फिर से बच्ची के सिर पर ईंट से वार किया और सिर पर तीन लातें मारकर आराम से वहां से निकल गया.
मासूम बच्ची पर ईंट से 12 बार और पैरों से 19 दफा हमला किए जाने की इस खौफनाक वारदात ने हर किसी को गुस्से से भर दिया है. मासूम बच्ची के परिजनों में भारी आक्रोश है. फिलहाल बच्ची का PGI चंडीगढ़ में इलाज जारी है और वो खतरे से बाहर बताई जा रही है.
आरोपी छात्र नाबालिग है, इसलिए पुलिस अब डॉक्टरों और साइकोलॉजिस्ट्स की मदद ले रही है. इधर, पंचकूला के सरकारी स्कूल में बच्ची के साथ हुई दरिंदगी पर हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा का कहना है कि वे इस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल करेंगे. दूसरी ओर, बच्ची के घरवाले स्कूल प्रशासन पर भड़के हुए हैं. उनका आरोप है कि यह सब स्कूल की लापरवाही से हुआ है, मामले पर लीपापोती की जा रही है और डर के मारे बाकी बच्चों का भी बुरा हाल है.