)
पंचकूला के सेक्टर-20 के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में KG की मासूम बच्ची के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में हरियाणा शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. शिक्षा विभाग ने स्कूल की प्रिंसिपल नीलू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
पंचकूला स्कूल मामले में प्रिंसिपल सस्पेंड
हरियाणा सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं. प्रिंसिपल नीलू को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-5 के तहत निलंबित किया गया है.

40 घंटे बाद आया बच्ची को होश
बता दें कि घायल KG की छह वर्षीय बच्ची को करीब 40 घंटे बाद होश आया. बच्ची का इलाज चंडीगढ़ स्थित PGI में जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत में सुधार हो रहा है, मगर वह बीच-बीच में फिर बेहोश हो जा रही है.
इस मामले में शिक्षा विभाग ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए KG और तीसरी की इंचार्ज दो शिक्षिकाओं को निलंबित किया गया. निलंबित शिक्षिकाओं की पहचान सिमरनजीत और पूजा के रूप में हुई. शुरुआती जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस ने प्रिंसिपल और दोनों क्लास टीचर्स के खिलाफ FIR दर्ज की है. वहीं रविवार को प्रिंसिपल को सस्पेंड भी कर दिया गया.
फोन और टीवी पर क्या देखता था आरोपी छात्र?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले का आरोपी छात्र मोबाइल फोन का आदी है. वह फोन और टीवी पर किस तरह के गेम खेलता था और कौन-से वीडियो देखता था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पंचकूला की DCP अदिति सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है.
DCP के मुताबिक, आरोपी छात्र की सोमवार को PGI में दोबारा मेंटल मैपिंग कराई जाएगी. वहीं घायल बच्ची की सेहत पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं. इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की स्थिति में सुधार है, लेकिन उसे बार-बार बेहोशी आ रही है.
ये भी पढ़ें: पंचकूला के स्कूल में मासूम से बर्बरता: स्कूल मैनेजमेंट पर FIR दर्ज, DCP बोलीं- बर्दाश्त नहीं होगी लापरवाही