)
न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स 2026 में टीम इंडिया के लिए किसी 'काल' से कम नहीं रहे. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने हमेशा मौका मिलने पर टीम इंडिया के गेंदबाजों को परेशान किया है. हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए पांचवें मैच में कीवी टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 191 रन बनाए. जवाब में न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर मैच को जीत लिया.
ग्लेन फिलिप्स ने पांचवें मैच में 38 गेंद पर नाबाद 65 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए. फिलिप्स ने इस सीरीज के पांच मैचों में 341 रन बनाए. वह किसी भी एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिलिप सॉल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया. सॉल्ट ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 331 रन बनाए थे.
फिलिप्स ने तोड़ा अभिषेक का रिकॉर्ड
फिलिप्स ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. वह किसी एक टीम के खिलाफ कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. फिलिप्स ने 2026 में भारत के खिलाफ 522 रन बनाए हैं. वहीं, अभिषेक ने इसी साल कीवी टीम के खिलाफ 431 रन ठोके हैं. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने 2026 में श्रीलंका के खिलाफ 398 रन बनाए थे.

116 छक्कों की बारिश
भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस सीरीज में 116 छक्के लगे हैं. यह पांचवीं बार है जब किसी एक सीरीज में 116 या उससे अधिक छक्के लगाए गए हैं. ऑस्ट्रिया और जर्मनी बीच 2006 सीरीज में 132 छक्के लगे थे. 2023 में इंग्लैंड के वेस्टइंडीज दौरे पर 120 और 2025 में ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे पर 117 छक्के लगे थे. इस साल न्यूजीलैंड के भारत दौरे और भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर 116-116 छक्के लगे हैं.
भारत और न्यूजीलैंड का गजब रिकॉर्ड
भारत किसी एक टीम के खिलाफ एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला देश है. उसने इस साल कीवी टीम के खिलाफ 142 छक्के मारे हैं. वहीं, न्यूजीलैंड ने इसी साल भारत के खिलाफ 117 छक्के उड़ाए हैं. कंबोडिया ने 2025 में इंडोनेशिया के खिलाफ 111 छक्के मारे थे. भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस साल 11 मैचों में कुल 259 छक्के लगे हैं. इस तरह हर मैच में 23.5 सिक्स आए हैं.