)
गोरखपुर से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. गोरखपुर से मुंबई के बीच हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की तैयारी चल रही है. मुंबई रूट पर जल्द ही चौथी फ्लाइट शुरू हो सकती है. इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी की आकासा एयर से बातचीत जारी है. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो मुंबई जाने वाले यात्रियों को रोजाना चार उड़ानों का विकल्प मिलेगा. इससे न सिर्फ यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार फ्लाइट चुनने का मौका मिलेगा, बल्कि टिकटों की उपलब्धता में भी राहत मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. मार्च 2025 से मार्च 2026 के बीच यहां 11 लाख 30 हजार यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया, जो एयरपोर्ट के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है.
गोरखपुर एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है. सबसे ज्यादा मांग वाले रूटों में शामिल गोरखपुर-मुंबई के बीच एक और फ्लाइट शुरू करने की योजना है. फिलहाल गोरखपुर से मुंबई के लिए प्रतिदिन तीन विमानों का संचालन हो रहा है. चौथी उड़ान शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर चार हो जाएगी. एयरपोर्ट अथॉरिटी की आकासा एयर से नई उड़ान की शुरुआत की तारीख और उसका समय निर्धारण पर बातचीत चल रही है.
वर्तमान में गोरखपुर एयरपोर्ट से देश के पांच प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध है. इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता शामिल हैं. फिलहाल प्रतिदिन कुल 11 उड़ानों का संचालन होता है. इनमें दिल्ली के लिए पांच, मुंबई के लिए तीन, बेंगलुरु के लिए दो और हैदराबाद तथा कोलकाता के लिए एक-एक उड़ान शामिल है. अगर मुंबई के लिए चौथी फ्लाइट शुरू होती है तो प्रतिदिन संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी. इससे मुंबई रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मार्च 2025 से मार्च 2026 के बीच यहां 11 लाख 30 हजार यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया. यह आंकड़ा एयरपोर्ट के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक है. लगातार बढ़ते यात्री ट्रैफिक को देखते हुए एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है. इसी बढ़ती मांग के बीच हाल ही में गोरखपुर से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए भी हवाई सेवा शुरू की गई है. इससे यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर की ओर आवागमन के लिए एक और विकल्प मिला है.
सिर्फ यात्रियों की संख्या ही नहीं, विमानों की आवाजाही के मामले में भी गोरखपुर एयरपोर्ट ने अच्छी वृद्धि दर्ज की है. मार्च 2025 से मार्च 2026 के बीच एयरपोर्ट पर कुल 7 हजार 50 विमानों का मूवमेंट रिकॉर्ड किया गया. इनमें 3 हजार 528 विमान गोरखपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे, जबकि 3 हजार 522 विमानों ने यहां से उड़ान भरी. ये आंकड़े पूर्वांचल में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग और गोरखपुर एयरपोर्ट की बढ़ती उपयोगिता को दर्शाते हैं.
गोरखपुर एयरपोर्ट के एजीएम विजय कौशल के मुताबिक, साल 2017 के बाद से एयरपोर्ट पर लगातार सुविधाओं का विस्तार किया गया है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हवाई सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के लिए चौथी उड़ान शुरू करने की दिशा में भी प्रयास जारी है. इसके लिए आकासा एयर से बातचीत चल रही है. बातचीत और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नई हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है.
कुल मिलाकर गोरखपुर एयरपोर्ट अब पूर्वांचल के प्रमुख हवाई केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. यात्रियों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि, नए शहरों से कनेक्टिविटी और विमानों की बढ़ती आवाजाही इस बदलाव की तस्वीर पेश कर रही है. अब सभी की निगाहें मुंबई रूट पर प्रस्तावित चौथी उड़ान पर टिकी हैं. अगर आकासा एयर के साथ बातचीत सफल रहती है तो मुंबई जाने वाले यात्रियों को एक और विकल्प मिल सकता है.
(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट)