)
भागलपुर जिला के नवगछिया में हत्या के एक आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस को छापेमारी के दौरान एक अलग ही मामले का पता चला. पुलिस जिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक निजी मकान में पहुंची थी, वहां कथित तौर पर अनैतिक व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली.
इसके बाद पुलिस ने मकान में छापेमारी कर करीब एक दर्जन महिला और पुरुषों को हिरासत में ले लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. मामला नवगछिया आदर्श थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चौक का है.
दरसअल, नवगछिया पुलिस को हत्या के एक मामले में आरोपी की तलाश थी. इसी सिलसिले में पुलिस टीम लखन लाल सिंह के घर पहुंची थी. पुलिस का उद्देश्य हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करना था, लेकिन छापेमारी के दौरान मकान में कथित अनैतिक व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली.
इसके बाद पुलिस ने पूरे मकान की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद होने की बात भी सामने आई है. एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शुरू हुई छापेमारी के दौरान अनैतिक व्यापार से जुड़ी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मकान की तलाशी ली.
अब पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही बरामद सामान और मकान में संचालित गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.
इधर, पुलिस की इस कार्रवाई की खबर जैसे ही आसपास के इलाके में फैली, लक्ष्मीपुर चौक पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल को एक निजी मकान में छापेमारी करते देख स्थानीय लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. काफी देर तक मौके पर लोगों की आवाजाही बनी रही.
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने सोमवार को ही गणपति होटल से 5 महिलाएं और 3 पुरुष को गिरफ्तार किया है. ये लोग भी जिस्मफरोशी का धंधा कर रहे थे.
रिपोर्ट: अश्वनी कुमार