App

सीएम योगी ने किसानों को दी बड़ी राहत: बारिश से नुकसान की भरपाई के लिए बड़े पैकेज का ऐलान

पिछले दिनों बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई. ऐसे किसानों को योगी सरकार बड़ी राहत देने जा रही है.

सीएम योगी ने किसानों को दी बड़ी राहत: बारिश से नुकसान की भरपाई के लिए बड़े पैकेज का ऐलान
Image Credit: Social Media

गोरखपुर के चौरीचौरा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया. साइक्लोन के असर से असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के चलते किसानों की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार नया पैकेज लाएगी. मुख्यमंत्री योगी ने माना कि अभी तक दिया गया मुआवजा पर्याप्त नहीं है. लिहाजा अब किसानों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई करने की तैयारी है.

चौरीचौरा के लोगों को विकास योजनाओं की सौगात  

सीएम योगी ने चौरीचौरा में 59 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बने भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया. साथ ही 287 करोड़ 56 लाख रुपये की 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान मुख्यमंत्री के निशाने पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी रही. उन्होंने सपा सरकार को अपराधियों को संरक्षण देने वाली सरकार बताते हुए कहा कि पहले यूपी अपराध का गढ़ था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश विकास और संस्कृति की नई पहचान बन चुका है.

किसानों के लिए मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान  

सीएम योगी ने कहा कि सभी जिलाधिकारियों और जिला प्रशासन को नुकसान का पूरा सर्वे करने और किसानों को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार नया पैकेज लेकर आएगी. डबल इंजन की सरकार अन्नदाता किसान को हुए नुकसान की पूरी भरपाई करने का काम करेगी.

ओवरब्रिज का निरीक्षण किया  

वहीं, भोपा बाजार पर बने ओवरब्रिज बनने से क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आवागमन सुगम होगा. मुख्यमंत्री ने फीता काटकर और बटन दबाकर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया. इसके बाद पैदल चलकर ओवरब्रिज का निरीक्षण भी किया. खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने इस ओवरब्रिज का नाम चौरीचौरा के अमर बलिदानियों की स्मृति में शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखने की बात कही.

सपा काल में 1500 दंगे हुए  

सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार बदमाशों को पालती थी, जबकि भाजपा सरकार विकास के जरिए बदलाव करके दिखा रही है. उन्होंने कहा कि पहले पर्व और त्योहारों से पहले दंगे और उपद्रव होते थे. व्यापारी कारोबार करने से डरता था और बेटियां स्कूल जाने से घबराती थीं, लेकिन आज प्रदेश में कर्फ्यू और दंगों की जगह उत्सव का माहौल है. मुख्यमंत्री ने सपा के चार बार सरकार बनाने के दौरान 1500 दंगे होने का दावा भी किया. उन्होंने कहा कि सपा का मतलब बदमाशों को बुलावा, जबकि भाजपा का मतलब बदलाव का सारथी बनना है.

10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा  

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है. उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया. सीएम ने कहा कि पहले माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे. आज किसी गरीब की जमीन पर कब्जा करने का दुस्साहस कोई नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती बन चुका है.

व्यापारियों को दिलाया भरोसा  

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये लोग किस मुंह से नैतिकता की बात करते हैं. उन्होंने सपा सरकार के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय बेटियां और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते थे. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में हर जिले में माफिया और अपराधियों का प्रभाव था. वहीं भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ माफिया के खिलाफ कार्रवाई की. व्यापारियों को भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. बाजार में किसी प्रकार का संकट नहीं आने दिया जाएगा. दुकानों को बचाने के लिए जरूरत के अनुसार नक्शा तैयार किया जाएगा.

(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More